भाजपा नेता के बेटे पर पुलिस ने आखिरकार लूट, बलवा समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि भाजपा नेता के बेटे ने जबरन घर में घुसकर गृहस्थी का सामान तोड़ दिया और लूटपाट की। शिकायत के बाद भी कोतवाली पुलिस असहाय बनी रही। जब पीड़ित ने गांव से पलायन करने की धमकी जिला प्रशासन को दी तो पुलिस ने कई दिनों बाद मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाली के चिलबिला दसियापुर निवासी राधेश्याम यादव पुत्र रामऔतार यादव का आरोप है कि 12 मई को उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने के लिए भाजपा नेता राजेंद्र मौर्य का बेटा पिंटू मौर्या अपने 10-12 साथियों के साथ पहुंचा। उसके साथ गीता देवी व गुलौधा देवी भी थीं। जिस जमीन पर वे लोग कब्जा करने पहुंचे थे, उसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद असलहों से लैस दबंगों ने जेसीबी लगाकर शौचालय, रिहायशी छप्पर और मकान गिरवा दिया।
विरोध करने पर घस में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की गई। जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लूट ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस घटना से परेशान राधेश्याम ने परिवार समेत पलायन करने की धमकी जिला प्रशासन को देते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को भाजपा नेता पिंटू मौर्या, गीता देवी, गुलौधा देवी व 10-12 अज्ञात के खिलाफ बलवा, लूटपाट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। भाजपा नेता के बेटे के खिलाफ पीड़ित परिवार की ओर से दो अन्य तहरीर भी धमकी व मारपीट की दी गई है। शहर कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जो दूसरे प्रार्थना पत्र मिले हैं, उनकी भी जांच कराई जा रही है।