दुष्कर्म के आरोपी ने जेल में लगाई फांसी
- तीन माह पहले आठ साल की बच्ची से किया था दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में नीमका जेल में बंद एक बंदी ने मंगलवार तड़के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बंदी ने जेल की तरफ से मिली चादर को फाड़ कर उससे फांसी लगाई। न्यायिक मजिस्ट्रेट की देखरेख में थाना सदर पुलिस ने मंगलवार दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
गांव कौंडल, पलवल निवासी सुनील ने करीब तीन माह पहले आठ साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में वह तभी से जेल में बंद था। जेल प्रबंधन के अनुसार मंगलवार तड़के करीब तीन बजे सुनील शौचालय में गया और वहां उसने रोशनदान पर लगी ग्रिल से चादर से फांसी लगा ली। सुबह जब बाकी बंदी उठे तो उन्होंने उसे फंदे पर लटके देखा।
इसकी सूचना जेल प्रबंधन को दी गई। जेल प्रबंधन ने थाना सदर बल्लभगढ़ व जिला अदालत में इस संबंध में सूचना दी। न्यायिक मजिस्ट्रेट किमी सिंगला की देखरेख में सुनील के शव को फंदे से उतारा गया। सारी प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग की गई। दोपहर को पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की देखरेख में ही शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।