शहर के अजीतनगर मोहल्ले में शुक्रवार शाम रिक्शे से घर जा रही शिक्षिका डा. प्रीती पांडेय को बाइक सवार युवकों ने लूट लिया। युवक उनका पर्स छीनकर भाग निकले। पर्स में 10 हजार रुपये के साथ ही दो एटीएम कार्ड, टैबलेट, मोबाइल भी था। घटना की बाबत नगर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
सदर बाजार निवासी अधिवक्ता आनंद पांडेय की पत्नी डा. प्रीती पिपरी खालसा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। वह पूर्व विधायक स्व. विद्याशंकर पांडेय की पुत्रवधू हैं। शुक्रवार शाम किसी काम से भंगवा चुंगी की ओर गई थीं। करीब साढे़ 6 बजे रिक्शे से घर लौट रही थीं। इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे पर अजीतनगर स्थित रामजानकी मंदिर के सामने पहुंचीं कि पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकाें ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया।
वह चिल्लाने लगीं लेकिन युवक सदर मोड़ की ओर भाग निकले। शिक्षिका का शोर सुनकर वहां आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहगीर भी रुक गए। जानकारी मिलने पर आनंद पांडेय पहुंचे और पत्नी को घर भेजने के बाद घटना की तहरीर कोतवाली में दी। शहर कोतवाल बलिराम मिश्र ने बताया कि चलते हुए पर्स छीनने की सूचना मिली है। बाइक सवार युवकाें की तलाश की जा रही है।