पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर दो और बाइक बरामद कर ली गई। पुलिस ने युवक के साथी के खिलाफ भी केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के चौरंग भट्ट का पुरव निवासी हरगोविंद मिश्रा के घर में पांच महीने पहले उनके बड़े भाई की तेरही थी। इसमें शामिल होने के लिए मानधाता थाना क्षेत्र के नरिया गांव निवासी विपिन कुमार आया था। रात में तेरही कार्यक्रम से उसकी स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे बाबागंज पेट्रोलपंप पर वही बाइक लेकर दो युवक पेट्रोल लेने आए थे। इस दौरान हरिगोविंद का नाती भी पेट्रोलपंप पर पहुंच गया।
बाइक पहचान कर उसने दोनों युवकों को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। इस बीच बाइक के साथ रहा दूसरा युवक भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस बाइक के साथ रहे शक्ति शुक्ला पुत्र कृपाशंकर निवासी पुरमयी सुल्तानपुर महेशगंज को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ करने पर उसने फरार युवक का नाम मनीष पाल निवासी सरायअंभा पुरमयी सुल्तानपुर बताया। पुलिस शक्ति की निशानदेही पर दो और बाइक बरामद कर ली।