नगर कोतवाली के भोपियामऊ में वर्चस्व को लेकर कुछ लोगों ने चौराहे पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घर के बाहर कारतूस के खोखे भी मिले। हालांकि कोतवाली पुलिस फायरिंग को गलत बता रही है। भोपियामऊ चौराहे पर अशोक सिंह का मकान है। गुरुवार की रात सवा नौ बजे तीन बाइक पर सवार छह लोग पहुंचे। वे अशोक के मकान का बंद दरवाजा पीटने लगे। अशोक के घरवालों ने शोर मचाया तो हमलावर फायरिंग करने लगे।
ग्रामीणों के दौड़ने पर बाइक सवार हमलावर भाग निकले। फायरिंग से चौराहे पर सनसनी फैल गई। पिकेट ड्यूटी से सिपाही भी नदारद थे। अशोक के घर की महिलाओं ने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। खबर मिलने पर चौकी प्रभारी भोपियामऊ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन करने लगे। पुलिस को अशोक के घर के बाहर पिस्टल के पांच खोखे मिले। शहर कोतवाल बलिराम मिश्र ने बताया कि फायरिंग की बात सरासर गलत है। दिन में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझा दिया था। फायरिंग की बाबत कोई बताने को तैयार नही है। बरामद कारतूस के खोखे भी पुराने हैं।