सैफाबाद बाजार में टेंट हाउस मालिक को बिना शिकायत पुलिसकर्मी ने पीट दिया। इससे खफा व्यापारियों ने बाजार बंद कर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। एसओ देवसरा के समझाने पर करीब तीन घंटे बाद व्यापारियों का रुख नर्म पड़ा। इसके बाद उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर किए जाने के बाद व्यापारियों ने आंदोलन खत्म किया।
सैफाबाद बाजार में दिलीप कुमार मौर्य उर्फ पप्पू की टेंट हाउस की दुकान है। आरोप है कि हल्का सिपाही आरिफ अक्सर दुकानदारों को प्रताड़ित करता है। दिलीप इसका विरोध करता था। इससे खफा सिपाही आरिफ ने बगैर किसी शिकायत के मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे दिलीप को उसकी दुकान से बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया। सिपाही की इस दबंगई से बाजारवासी इकट्ठे होने लगे तो वह वहां से निकल गया।
दिलीप को पीटे जाने से खफा व्यापारियों ने इकट्ठे होकर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी। व्यापारियों ने घटना की सूचना एसपी, सीओ पट्टी व थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा संतोष दुबे को दी। थानाध्यक्ष जब तक पहुंचते व्यापारियों ने पट्टी-चांदा मार्ग जाम कर दिया था। व्यापारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। इस दौरान पूरा बाजार बंद हो गया और लोग छतों तक चढ़कर नारेबाजी कर रहे थे। एसओ आसपुर देवसरा संतोष दुबे ने एसपी से बात कर आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी व्यापारियों को दी, तब मामला शांत हुआ।
सिपाही आरिफ दो वर्ष से अधिक समय से एक ही हल्के में तैनात था। उसकी दबंगई का आलम यह था कि वह पटरी दुकानदारों से वसूली करता था। मामूली बात पर वह अभद्रता से बाज नहीं आता था। सरे बाजार किसी को भी बेइज्जत कर देता था। इसको लेकर लोगों में काफी दिनों से आक्रोश पनप रहा था, जो इस घटना के बाद फूट पड़ा। दिलीप वसूली का विरोध करता था। इसी के चलते मंगलवार को बगैर शिकायत दुकान से खींच कर उसने दिलीप की पीट दिया। और मोबाइल भी छीनकर चला गया था। मोबाइल की बाबत दिलीप ने एसओ से शिकायत की तो उन्हाेंने कहा कि वह थाने जाकर मोबाइल उससे लेकर वापस दे देंगे।