रानीगंज से सवारियां लेकर प्रतापगढ़ आ रहा एक टेंपो सोमवार को भुपियामऊ के पास खड़े ट्रक से टकरा गया। इससे उस पर सवार करीब छह लोग घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को इलाहाबाद रेफर कर दिया।
मानधाता थाना क्षेत्र के रामपुर बजहा निवासी वृजभूषण सरोज (38) किसी काम से रानीगंज तहसील गए थे। दोपहर में वह टेंपो से कचहरी लौट रहे थे। चालक जल्दबाजी के चक्कर में टेंपो तेज चलाने लगा। इससे अनियंत्रित टेंपो रामपुरगौरी भुपियामऊ के पास खड़े ट्रक में जा घुसा। इससे उस पर सवार वृजभूषण के अलावा मानधाता थाना के हालामई छतरगढ़ निवासी कमलेश (30) पुत्र रामभरोसे, कंधई थाना क्षेत्र के रखहा इलाके में रहने वाले मसीउल्ला (60), मानधाता थाना के डिहवा पवारपुर निवासी वाजिद रजा खान (65) और टेंपो चालक मंजेश (25) पुत्र गिरधारी लाल समेत छह लोग घायल हो गए।
शोर पर तमाम स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वृजभूषण, वाजिद रजा खान और मसी उल्ला की हालत नाजुक देख कर डॉक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना पर घायलों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।