पति से झगड़कर महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। इससे वह आग का गोला बनकर दौड़ने लगी। शोर सुनकर लोग उसे बचाने के लिए दौड़े। इस दौरान वह चीखते हुए बगल में मौजूद तालाब में कूद गई। परिजन उसे इलाज के लिए इलाहाबाद ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
बाघराय थाना क्षेत्र के जाटूपुर गांव निवासी विषहिन (30) की पति जंगली से सोमवार की शाम कहासुनी के साथ ही मारपीट हो गई थी। इससे नाराज विषहिन ने घर में बंद होकर मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा ली। आग की तपिश से उसका शरीर झुलसने लगा तो वह चीखने लगी। उसकी चीख पर गांव के लोग जुटे, लेकिन जब तक वह कुछ कर पाते महिला घर से निकलकर बगल में मौजूद तालाब में कूद गई। इसके बाद परिजनों ने उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे उसके परिजन उसके शव को घर लाए और बिना पुलिस को सूचित किए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।