गुरुवार शाम पड़ोसी के साथ घर से निकला युवक बेहोशी की हालत में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के हत्या की आशंका जताने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घरवालों का आरोप है कि शराब में नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
अंतू थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी प्रमोद पांडेय (35) गुरुवार की शाम घर पर बैठा था। इस बीच उसके मोबाइल पर गांव के ही एक युवक का फोन आ गया। मोबाइल पर बात करने के बाद प्रमोद कुछ देर में लौटने की बात कह निकल गया। देर रात तक वह नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। आधी रात को गांव से कुछ दूर निमहरा के समीप वह बेहोशी की हालत में मिला।
उसकी हालत गंभीर देख परिजन उसे एंबुलेंस से लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिजन आरोप लगाने लगे कि कुछ लोगों ने शराब में नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक का भाई कोतवाली पहुंचा और हत्या की ेआशंका जताते हुए तहरीर दी। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चूंकि घटना स्थल अंतू थाना क्षेत्र का होने के चलते पुलिस ने वहां की पुलिस का सूचित करते हुए तहरीर वहीं देने के लिए परिजनों का भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि मृतक अस्पताल में बेहोशी की हालत में लेकर परिजन आए थे, यहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल अंतू थाना क्षेत्र का होने के चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में कार्रवाई स्थानीय पुलिस को करनी है।