प्रतापगढ़। पट्टी स्थित रामराज इंटर कालेज मेें टीईटी परीक्षा में महिला परीक्षार्थी को नकल कराने के मामले में एबीआरसी विनय सिंह पर निलंबन की गाज गिरी है। परीक्षा केंद्र मेें अवैध रूप से घुसकर परीक्षार्थी को सॉल्व पर्ची देने में कालेज केंद्र व्यवस्थापक ने मुकदमा भी दर्ज कराया था।
18 नंवबर को आयोजित टीईटी परीक्षा में रामराज इंटर कालेज पट्टी में प्रथम पाली की परीक्षा में अनाधिकृत रूप से केंद्र में घुसकर परीक्षार्थी रीमा सिंह को सॉल्व पर्ची देने पर खड़े हुए हंगामे के बाद एबीआरसी विनय सिंह भाग निकला था। कालेज के प्रधानाचार्य ने विनय कुमार सिंह, रीमा सिंह तथा अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बीएसए अशोक कुमार सिंह ने डीआईओएस का पत्र मिलते ही विकास खंड शिवगढ़ के प्राथमिक विद्यालय डिहवा पसियान में तैनात प्रधानाध्यापक और एबीआरसी विनय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बीएसए ने एबीआरसी को बीआरसी शिवगढ़ से संबंद्ध करते हुए लक्ष्मणपुर विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद को जांच अधिकारी नामित किया है।