करंट की चपेट में आने से एलएलबी के छात्र की मौत
खेत में लगा था तार का बाड़, जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए दौड़ा रखा था करंट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। फतनपुर इलाके में खेत में बोई गई फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए बाड़ में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एलएलबी के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
फतनपुर थाना क्षेत्र केवरा कला निवासी नागेंद्र (24) पुत्र जगदंबा पांडेय इलाहाबाद में एलएलबी का छात्र था। शनिवार की रात वह अपने खेत में लगाई गई गंजी की फसल देखने घर से निकला। जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में तार का बाड़ लगाकर करंट दौड़ाया गया था। फसल देखने के दौरान नागेंद्र करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कुछ देर बाद परिवार के लोग उसे खोजते हुए खेत के पास पहुंचे तो दंग रह गए। देखा तो नागेंद्र की सांसें थम चुकी थीं। यह देख लोग रोने बिलखने लगे। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बतादें कि इसके पहले भी रानीगंज, कंधई, नगर कोतवाली क्षेत्र में खेत की फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए गए बाड़ में करंट की चपेट में आने से लोगों की जान जा चुकी है। एसओ फतनपुर घटना से अनभिज्ञता जता रहे हैं।
फोटो-
दबंगों ने दलित बस्ती में धावा बोलकर 10 लोगों को किया अधमरा
सहमे दलितों ने घेरी कोतवाली, पुलिस ने भगाया
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के पूरे रायजू में दबंगों ने दलित बस्ती में धावा बोलकर दस लोगों को पीटकर अधमरा कर दिया। मारपीट व तोड़फोड़ से खौफजदा दलितों ने कोतवाली का घेराव किया। हालांकि पुलिस ने सभी को धमकाते हुए कोतवाली परिसर से भगा दिया। मारपीट में घायल लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं। तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
नगर कोतवाली के पूरे रायजू की रहने वाली विधवा गीता देवी का आरोप है कि रविवार को उसके परिवार के लड़के नदी में नहाने गए थे। रास्ते में रोककर गांव के ही लोगों ने उन्हें मारापीटा। पुलिस से शिकायत करने पर वह लोग मारपीट के लिए घेराबंदी किए रहे। रात में हमलावरों ने घर पर धावा बोलकर हरिश्चंद्र, नारायण, देवेंद्र, उर्मिला, नीलम को मारपीट कर अधमरा कर दिया। गृहस्थी का सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में घुसकर लूटपाट की। महिलाओं के गले से चेन छीनने के साथ साइकिल तक उठा ले गए। पिटाई से घायल लोगों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं। मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली का घेराव करने पहुंची महिलाओं को पुलिस ने फटकार कर भगा दिया। मोहनगंज चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दुबारा दलित बस्ती पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला बोला है। पुलिस के पहुंचने पर सभी की जान बची। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।