सड़क पर तड़पता रहा अधेड़, सूचना के बाद भी नहीं पहुंची एंबुलेंस
रूर चौराहे पर बाइक ने मारी थी टक्कर
पट्टी (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के रूर चौराहे पर साइकिल सवार अधेड़ को सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। काफी देर तक वह वहीं तड़पता रहा। ग्रामीणों के सूचना देने के बाद भी मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में उसे दूसरे वाहन से सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जनपद जौनपुर के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव निवासी लक्ष्मीशंकर (55) रिश्तेदारी में पट्टी के रमईपुर नेवादा आया था। शनिवार दोपहर वह साइकिल से घर लौट रहा था। रूर चौराहे पर सामने से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर ही गिर पड़ा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वह काफी देर तक ही सडक़ पर तड़पता रहा। सूचना के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में दूसरे वाहन सेउसे सीएचसी भेजा गया, जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर, एक अन्य घटना में बीबीपुर बारडीह गांव निवासी रामअधार गौतम दोपहर में सडक़ पार कर रहे थे इस बीच देवसरा की ओर से आ रहे बाइक ने टक्कर मार दी। उन्हें सीएचसी पट्टी में भर्ती कराया गया है।
शैलखा गांव से अधेड़ लापता
पट्टी (ब्यूरो)। आसपुर देवसरा के शैलखा गांव निवासी सभाजीत पांडेय बीते 27 फरवरी की रात लापता हो गए। उनके पुत्र धीरज पांडेय ने आसपुर देवसरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
फोटो-
काबीना मंत्री मोती सिंह की अगुवाई में निकली विजय संकल्प रैली
एक बार फिर मोदी सरकार के लगे नारे, भाजपाइयों ने बाइक से किया भ्रमण
पट्टी (ब्यूरो)। पट्टी इलाके में शनिवार को काबीना मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह की अगुवाई में विजय संकल्प बाइक रैली निकाली गई। बाइक रैली दीवानगंज से शीतलागंज, इटहरा, मंगरौरा, कंजा, करैला, कुकुआर होते हुए पट्टी नगर के ढखवा मोड़ पर पहुंची। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी, अनुसांगनिक संगठनों के सदस्य व पदाधिकारी समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर मोदी सरकार के गगनभेदी नारे लगाए। बाइक रैली के जरिए भाजपा सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। रैली के समापन अवसर पर काबीना मंत्री मोती सिंह ने कहा कि यह देश सामाजिक व आर्थिक रूप से तेजी से उन्नत हो रहा है। पीएम मोदी की अगुवाई में हर मोर्चे पर जीत हासिल कर रहा है। पीएम ने किसान, छात्र, युवा सबके लिए लिए विकास के दरवाजे खोल दिए हैं। ऐसे में हमे एक बार फिर मोदीजी को देश का पीएम बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़नी है। बाइक रैली में ज्यादातर युवा शामिल रहे। भारी संख्या में बाइक सवार इलाके में नारेबाजी करते नजर आए। इस मौके पर नंदन सिंह, विनोद पांडेय, पवन सिंह जिला उपाध्यक्ष, अशोक श्रीवास्तव, डा. केएल विश्वकर्मा जिला मंत्री, अशोक श्रीवास्तव, पंकज सिंह, प्रधान आनंद मिश्र, राम उजागिर सिंह, समेत तमाम कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल रहे।
परसनी गांव में गलाघोंटू से नौ मवेशी मरे
सूचना पर पहुंची पशु चिकित्सकों की टीम
पट्टी(ब्यूरो)। विकास खंड पट्टी की परसनी ग्रामसभा में चौबीस घंटे के भीतर गलाघोंटू रोग से नौ मवेशी काल कवलित हो गए। तेजी से पशुओं की मौत की सूचना नगर स्थित पशु चिकित्सालय पहुंची तो यहां तैनात चिकित्सक अपनी टीम लेकर गिांव पहुंचे और टीकाकरण समेत उपचार शुरू किया। बीते शुक्रवार की शाम से परसनी गांव में गलाघोंटू रोग से पीड़ित होकर रामबिहारी सिंह, शीतला सरोज,पट्टू सरोज, अभिलाष यादव, रघुनाथ सिंह, बैजनाथ सरोज, भुख्खल सरोज, शोभनाथ सरोज समेत कुल नौ पशुपालकों की दुधारू भैंसों की मौत हो गई।
विंग कमांडर अभिनंदन की वापसी पर मनाया जश्र
पट्टी(ब्यूरो)। भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन की पाकिस्तान से सकुशल वापसी की खबर देर रात मिलते ही पट्टी नगर में जश्र का माहौल हो गया। इस दौरान नागरिकों ने पटाखे दागकर अपने वीर सैनिक की स्वदेश वापसी का जश्र मनाया। इस दौरान युवाओं ने तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। लोगों का कहना था कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक जीत है। जिसके चलते पाकिस्तान को पायलट को सकुशल भारत को साैंपना पड़ा। युवाओं की नारेबाजी से नगर देशभक्ति के माहौल में रंग गया। इस मौके पर पुनीत सिंह, प्रिंस बर्नवाल, रोहित सिंह, रणविजय सिंह, योगेश सिंह, अंकित वर्मा, राहुल वर्मा, हरिकेश सिंह, वरूण चौरसिया,तनुज जायसवाल, आलोक सोनी समेत तमाम नागरिक मौजूद रहे।