बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक सवार मृतक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। खबर मिलने पर घर में कोहराम मच गया।
रानीगंज थाना क्षेत्र के कौलापुर नंदपट्टी निवासी अब्दुल रहमान (18) पुत्र हलीमउद्दीन रविवार की सुबह अपनी चचेरी बहन को उसके ससुराल छोड़ने के लिए जनपद इलाहाबाद के मऊआइमा थाना क्षेत्र के सिसई सिपाहपुर गया था। चचेरी बहन को पहुंचाने के बाद वह घर लौट रहा था। इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर बाइक लेकर वह देल्हूपुर की ओर आ रहा था। जिले की सीमा पर अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर जा गिरा और ट्रक उसे रौंदते हुए गुजर गया। घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। आसपास के लोगों के दौड़ने पर चालक ट्रक लेकर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर पर परिजन रोने बिलखने लगे। वह हरिहरपुर मदरसे में पढ़ता है। मदरसा बंद होने के कारण वह घर आया हुआ था।