एटीएम कार्ड का क्लोन बना निकाले 35 हजार रुपये
फरीदाबाद। एटीएम बूथ मेें रुपये निकालते समय अनजान व्यक्ति को बाहर कर देने की बैंकों की सलाह नहीं मानना दिव्या वर्मा निवासी अशोका एंक्लेव को महंगा पड़ा। एटीएम बूथ में उनके पीछे खड़े युवक ने उनके कार्ड की डिटेल देख लिया। उनके जाने के बाद क्लोन कार्ड तैयार कर उनके खाते से 35 हजार रुपये निकाल लिए। उन्होंने सराय ख्वाजा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दिव्या के मुताबिक, 25 मई की शाम वह सेक्टर 35 स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। बूथ में एक युवक पहले से ही मौजूद था, जिस समय वह मशीन में डेबिट कार्ड डाल कर रुपये निकालने की प्रक्रिया कर रही थीं वह युवक उनके पीछे ही खड़ा था। वह रुपये निकालने के बाद अपना कार्ड लेकर लौट आईं, कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते में से रुपये निकले के मेसेज आने लगे। जब तक वह कार्ड ब्लॉक करवातीं उनके खाते से 35 हजार रुपये निकल चुके थे। मामले की जांच कर रहे सराय ख्वाजा के एसआई महेश कुमार ने बताया कि डेबिट कार्ड का क्लोन तैयार कर रकम निकाले जाने की संभावना है। सोमवार को बैंक खुलने पर खाते की डिटेल ली जाएगी, उससे पता चलेगा कि धन कब और कहां से निकाला गया। उन्होंने कहा कि ठग को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। ब्यूरो