फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सदर विधायक के पेट्रोल पंप से 1.9 लाख की चोरी 19-06-05

विज्ञापन
विज्ञापन
सदर विधायक के पेट्रोल पंप से 1.9 लाख की चोरी
विज्ञापन

कार्यालय का ताला तोड़कर बदमाशों ने उड़ाए रुपये
पेट्रोलपंप कर्मचारियों को नहीं लगी भनक
अमर उजाला ब्यूरो
संडवाचंद्रिका/जगेशरगंज। सदर विधायक संगमलाल गुप्ता के पेट्रोलपंप से बदमाश 1 लाख 90 हजार रुपये चुरा ले गए। चोर कार्यालय का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। इसकी कर्मचारियों को भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाली के कटरामेदनीगंज निवासी सदर विधायक संगमलाल गुप्ता का अंतू थाना क्षेत्र के बिहारगंज बाजार के पास श्रीराम फीलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। सोमवार की रात 11 बजे के बाद कर्मचारी पेट्रोलपंप बंद कर सो गए। कर्मचारियों ने कार्यालय में ताला बंद कर दिया। दिनभर की बिक्री का कैश कार्यालय की तिजोरी में रख दिया था। आधी रात को चोर पेट्रोल पंप पर धमक पड़े। चोरों ने ताला तोड़कर तिजोरी में रखे 1 लाख 90 हजार रुपये उड़ा दिए। इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। मंगलवार की सुबह कर्मचारी सोकर उठे तो दंग रह गए। देखा तो कार्यालय का दरवाजा खुला था। तिजोरी भी खाली थी। सेल्समैन श्रीनाथ यादव पुत्र सूर्यदीन यादव निवासी देल्हूपुर थाना मानधाता ने अंतू पुलिस को घटना की सूचना दी। विधायक के पेट्रोल पंप पर चोरी की खबर पर पुलिस भागकर पहुंची। छानबीन के बाद सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस चोरी करने वाले बदमाशों की तलाश का दावा कर रही है।
विज्ञापन



विधायक के कार्यालय व मंदिर में पहले भी हो चुकी है चोरी
सदर विधायक के कार्यालय और मंदिर से पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। 20 दिसंबर 2017 को चोरों ने विधायक के कार्यालय से एलईडी व मोबाइल चुरा ले गए थे। चोरों ने मां शीतला धाम से आभूषण भी चुरा ले गए थे। हालांकि एक माह बाद पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए चोरों को जेल भेजा। इसके बाद भी चोर सदर विधायक का पीछा नहीं छोड़ रहे।

मंदिर से चोरों ने दानपेटिका व घंटा चुराया
राजगढ़ (ब्यूरो)। मानधाता थाना क्षेत्र के दानपुर स्थित हनुमान मंदिर से बीती रात चोर दानपेटिका और घंटा चुरा ले गए। मंगलवार की सुबह पुजारी राजेंद्र तिवारी पहुंचे तो दानपेटिका और घंटा गायब था। उन्होंने घटना की जानकारी ग्राम प्रधानपति को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। खबर मिलने पर पहुंचे प्रधानपति धीरेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। देर शाम तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त रहा।


करंट की चपेट में आने से लाइनमैन झुलसा
कटरामेदनीगंज(ब्यूरो)। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर भुपियामऊ पावर हाउस के करीब बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा लाइनमैन करंट की चपेट में आने से झुलस गया। उसे उपचार के लिए इलाहाबाद ले जाया गया। फैजाबाद जनपद के डोंगापुर निवासी आदर्श कुमार (28) पुत्र रामप्रकाश इलाहाबाद की आईके संस्था का कर्मचारी है। लाइन ठीक करने के लिए संस्था ने ठेका ले रखा है। मंगलवार की सुबह विद्युत उपकेंद्र के करीब आदर्श लाइन ठीक कर रहा था। अचानक बिजली सप्लाई होने से वह झुलस गया। उसे किसी तरह नीचे उतारा गया और झुलसी अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से डॉक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। इस बाबत अवर अभियंता यसके सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।


कार की टक्कर से युवक घायल
रखहा(ब्यूरो)। मंगलवार की दोपहर बाइक से अफसाब (22) निवासी अचलपुर नगर कोतवाली पट्टी रिश्तेदारी जा रहा था। कंधई थाना क्षेत्र के बीरमऊ गांव के करीब बेकाबू कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे वह दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे उठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथ पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने अफसाब को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


भूमि विवाद में कुनबे को पीटा
किशुनगंज (ब्यूरो)। कंधई थाना क्षेत्र के उत्तरास निवासी रामजस पुत्र अलगू का पड़ोसी संतोष पुत्र रामानंद से भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा है। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट होने लगी। जिसमे पूनम (35) पत्नी रामानंद, गोमती (40) पत्नी रामजस व राकेश (21) पुत्र महेश व रामजस (42) घायल हो गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने संतोष, सहदेव समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया।


धोखाधड़ी के आरोपियों के खिलाफ कुर्की का आदेश
सरकारी अभिलेख में जमीन हेरफेर करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
संडवाचंद्रिका। 15 साल पहले सरकारी जमीन फर्जी तरीके से अपने नाम दर्ज कराने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के घर कुर्क करने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस के कार्रवाई की भनक लगने पर परिवार के लोग परेशान हैं।
अंतू थाना क्षेत्र के नेवादाकला में सरकारी अभिलेखों में फर्जी तरीके से ग्राम सभा की जमीन खुद के नाम करा लिया था। आरोप है कि वर्ष 2003 में सीआरओ के आदेश पर एआरके ने नेवादाकला निवासी हरिवंश, कमलादेवी, राजेश, मनोज व फर्जी आदेश तैयार करने वाले प्राइवेट कर्मचारी मोतीलाल के खिलाफ नगर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कराया था। इस मामले में हरिवंश व कमला ने जमानत करा ली थी। अन्य आरोपियों ने उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी का स्टे ले लिया था। इस बीच उच्च न्यायालय द्वारा आरोपियों को मिली राहत का समय समाप्त हो गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी करने के प्रयास में लगी। पुलिस ने आरोपियों का घर कुर्क किए जाने के लिए न्यायालय में अर्जी दिया। न्यायालय से 82 के तहत अनुमति मिलने के बाद कुर्की की कार्रवाई के लिए नोटिस भेजी गई।


जान देने पहुंची युवती को जीआरपी ने दबोचा
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। जंक्शन पर जान देने के लिए पहुंची युवती को जीआरपी ने दबोच लिया। बाद में उसे परिवार के लोगों के हवाले कर दिया गया। जेठवारा थाना क्षेत्र की एक युवती मंगलवार को स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर घूम रही थी। वह परिवार के लोगों से नाराज होकर जान देने पहुंची थीं। इस बात की भनक आरपीएफ व जीआरपी को लग गई। खबर मिलने पर पुलिस प्लेटफार्म पर पहुंच गई। जब ट्रेन करीब आने लगी तो युवती किनारे खड़ी हो गई। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। बाद में पूछताछ के बाद परिवार के लोगों को बुलाया। उसे परिजन के हवाले कर दिया गया।
विज्ञापन


दो युवकों के बीच मारपीट, भगदड़
प्रतापगढ़(ब्यूरो)। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर सोमवार की रात दो युवकों के बीच मारपीट होने लगी। ट्रेन पकड़ने आए यात्री मारपीट होती देख भागने लगे। सूचना पर पहुंची जीआरपी दोनों को पकड़कर थाने पर ले गई। जहां दोनों को पुलिस ने कर्रा किया। हालांकि मंगलवार की सुबह उनके बीच समझौता हो गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें