बीडीसी सदस्य समेत 12 के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस
घर पर चढ़कर की थी फायरिंग और तोड़फोड़, एडीजी के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लालगंज। रंजिश के चलते असलहे से लैस विपक्षियों ने धावा बोल कर युवक को जान से मारने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावरों ने घर में लगे खिड़की व दरवाजे तोड़ दिए। इस मामले में एडीजी के फटकार लगाने पर कोतवाली पुलिस ने बीडीसी सदस्य समेत दर्जन भर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
लालगंज के तेजगढ़ निवासी सुरेंद्र सिंह की पूरे पांडेय कमौरा के विक्रम सिंह से पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि बीत छह मार्च को पूरे पांडेय कमौरा के बीडीसी सदस्य विक्रम सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, दिनेश मिश्र, तेजगढ़ निवासी अरविंद सिंह अपने आठ अज्ञात साथियों के साथ असलहों से लैस होकर सुरेंद्र के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों को घर की ओर आते देख सुरेंद्र सिंह ने भीतर भागते हुए छोटे भाई से दरवाजा बंद करने को कहा। आरोप है कि इस बीच बीडीसी सदस्य विक्रम सिंह ने उन्हें जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया, लेकिन निशाना चूक जाने से उनकी जान बच गई। पीड़ित के मुताबिक दरवाजा बंद कर वह परिजनों के साथ जान बचाने के लिए छत पर छिप गया। इस पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी और घर में लगे दरवाजे व खिड़कियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पीड़ित लालगंज कोतवाली पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। यहां सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने इलाहाबाद के एडीजी से मामले की शिकायत की। एडीजी की फटकार पर कोतवाली पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों समेत आठ अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा, तोड़फोड़ व दहशत फैलाने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों में रंजिश के चलते विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है।
बिजली के पोल से टकराने पर बाइक सवार गंभीर
लालगंज (ब्यूरो)। कोतवाली के रायपुर तियांई निवासी अनमोल सिंह (18) पुत्र प्रमोद सिंह मंगलवार को बाइक से जेवंई गांव की ओर जा रहा था। यहां पहुंचने से कुछ दूर पहले अचानक बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बिजली का पोल टूटकर गिर गया। बिजली नहीं रहने के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों ने लालगंज इलाज के लिए पहुंचाया। यहां एक नर्सिंगहोम में भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है।
जांच के बाद पांच गांवों के कोटे का लाइसेंस निरस्त
लालगंज (ब्यूरो)। जांच के दौरान शिकायतें सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने पांच ग्राम पंचायतों की सरकारी कोटे की दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। लालगंज विकास खंड के बेलहा, रंगौली व देवापुर ग्राम पंचायतों के कोटेदार के खिलाफ ग्रामीणों की ओर से अनियमितता करने की शिकायत की गई थी। इसी तरह लक्ष्मणपुर विकास खंड के रंगौली व देवापुर सकली ग्राम पंचायत के कोटेदार पर भी ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाते हए अफसरों को शिकायती पत्र दिया था। डीएम ने जांच कराई तो उक्त पांचों कोटेदारों के खिलाफ अनियमितता की शिकायत सही पायी गई। इस पर जिलाधिकारी ने सभी गांवों की सरकारी कोटे की दुकानों को लाइसेंस निरस्त कर दिया है। एसडीएम कोमल यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर कोटे का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज
लालगंज (ब्यूरो)। कोतवाली के नन्दू का पुरवा मिश्रपुर निवासी कौशल कुमार तिवारी के घर से बीती 11 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों के जेवर, मोबाइल व 13 हजार नकदी ले उड़े थे। पड़ोसी दिलीप कुमार तिवारी के घर से भी इसी रात चोरों ने जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। मामले में कौशल कुमार तिवारी की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल ने बताया कि जांच की जा रही है, शीघ्र चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
विवाहिता की मौत पर पति समेत चार के खिलाफ केस
गला दबाकर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर। क्षेत्र के समसपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उदयपुर थाना क्षेत्र के समसपुर में सोमवार को गौरव की पत्नी काजल सिंह का शव संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे पर झूलता मिला था। शिकायत पर पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा था। मामले में घटना के दिन ही देर शाम मृतका के पिता ने पुलिस का शिकायती पत्र देकर पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। इलाहाबाद के हंडिया कोतवाली के बियूर गांव निवासी रजवंत सिंह का आरोप है कि दहेज के लिए पचास हजार रुपये व बाइक की मांग को लेकर ससुरालीजन उसकी बेटी काजल को आए दिन प्रताड़ित करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सोमवार को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को फांसी पर लटका दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने समसपुर निवासी पति गौरव सिंह उर्फ दीपू, देवर तूफान सिंह, सास आशा देवी, ननद रेशमा सिंह व इलाहाबाद के बजहा निवासी रिश्तेदार निशा देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया गया है। एसओ ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र गिरफ्तारी कर उनको जेल भेजा जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव की सरगर्मी तेज
लालगंज(ब्यूरो)। ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका खारिज होते ही एक बार फिर से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व प्रमुख रमेश प्रताप सिंह व अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सुरेंद्र सिंह बीडीसी सदस्यों को अपने-अपने पाले में करने में लगे हैं। हर जगह ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव की सरगर्मी ही देखने को मिल रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर नौ मार्च को मतदान की प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली थीं, लेकिन पूर्व प्रमुख की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने स्थगनादेश दे दिया। 12 मार्च सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रमुख की याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद चुनाव कराए जाने का रास्ता साफ हो गया। अब राज्य निर्वाचन आयोग कब मतदान की तारीख निर्धारित करता है, दोनों पक्षों पक्षों की निगाहें इसी ओर लगी हुई हैं।