कोहड़ौर में प्रधान को फिर सद्दाम के नाम से धमकी
लाखीपुर के प्रधान की हलक में अटक गईं सांस, गनर से फोन पर हुई धमकी देने वाले से तकरार
6 डिजिट वाले नंबर से आया था प्रधान के मोबाइल पर फोन, जांच में जुटीं सर्विलांस टीम
अमर उजाला ब्यूरो
मकूनपुर। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लाखीपुर प्रधान के पास बुधवार दोपहर इंटरनेशनल काल आई। फोन करने वाले ने बताया कि सद्दाम बोल रहा हूं। प्रधान की सांस अटक गई। गनर से भी फोन करने वाले से तकरार हुई। प्रधान के पास सद्दाम का फोन आने की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। एसपी के निर्देश पर दो नंबरों को सर्विलांस टीम जांच करने लगी।
लाखीपुर प्रधान रामकुमार के मोबाइल पर बुधवार को करीब ढाई बजे छह डिजिट से फोन आया। जैसे ही रामकुमार ने काल रिसीव की। वैसे ही सामने वाला बोल पड़ा कि आप कैसे हैं प्रधान जी। जब तक प्रधान आवाज समझता। तभी वह बोल पड़ा कि मैं सद्दाम बोल रहा हूं। यह सुनते ही प्रधान की सांस हलक में अटक गई। सद्दाम का नाम सुनते ही भयभीत प्रधान ने मोबाइल अपने गनर अंशू मिश्र को थमा दिया। फोन करने वाला बार-बार कहता रहा कि प्रधान से बात कराओ। लेकिन गनर खुद बात करता रहा। जिसके चलते गनर और सद्दाम के नाम से फोन करने वाले के बीच पहले तकरार हुई। बाद में नौबत गाली गलौज तक आ गई। गनर ने फोन करने वाले सद्दाम को सामने आने पर अंजाम भुगतने के लिए धमकाया। प्रधान रामकुमार के पास पहले भी 6 मई 2018 को सद्दाम के नाम से फोन आ चुका था। धमकी देने वाले ने पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। प्रधान को सद्दाम के नाम से धमकी मिलने की जानकारी पर कोहड़ौर पुलिस प्रधान के घर पहुंची। अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि बुधवार को प्रधान के पास छह डिजिट के नंबर से फोन आया था। पहले दूसरे नंबर से आया था। दो नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है। संभावना है कि प्रधान के पास इंटरनेट काल आई हो। इसकी छानबीन की जा रही है।
इनसेट------
बदल गया था नंबर, आवाज भी थी बदली
प्रधान लाखीपुर रामकुमार के पास पहले पांच लाख रुपये की रंगदारी के लिए 8 डिजिट वाले नंबर से काल आई थी। प्रधान की मानें तो पहले बात करने वाले की आवाज बुधवार की आवास से भिन्न थी। चूंकि प्रधान के मोबाइल में काल रिकार्डर लगा हुआ है। दोनों की आवाज मिलान की गई। जिसके बाद हर कोई आवाज में अंतर बताता रहा।
इनसेट------
सात माह बाद कोहड़ौर में फिर सद्दाम के नाम का खौफ
कोहड़ौर इलाके के लाखीपुर प्रधान रामकुमार और कोहड़ौर के व्यापारी श्यामसुंदर को 5- 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले सद्दाम नाम को खौफ सात माह बाद फिर कोहड़ौर में दिखा। 6 मई को प्रधान व व्यापारी श्यामसुंदर को सद्दाम नाम से धमकी मिली थी। हालांकि 25 जुलाई 2018 को दुकान में घुसकर बदमाशों ने श्यामसुंदर व उसके भाई श्याममूरत की गोली मारकर हत्या कर दी। 6 मई की रात ही अज्ञात लोगों ने प्रधान के घर पर फायरिंग भी किया था। दूसरी बार फिर सद्दाम नाम से फोन आने पर प्रधान व उसका पूरा परिवार खौफजदा है। खबर कोहड़ौर बाजार पहुंची तो व्यापारी भी भयाक्रांत हो गए। व्यापारियों भाइयों की हत्या के बाद प्रधान प्रेमलता के पुत्र अंकुर व हेलो प्वाइंट के संचालक पवन कुमार जायसवाल को रंगदारी के लिए धमकी मिल चुकी है। सभी मामलों की रिपोर्ट थाने में दर्ज है। व्यापारी भाइयों की हत्या के बाद आक्रोश को देखते हुए तत्कालीन थानाध्यक्ष नागेंद्र नागर को सस्पेंड कर दिया गया था। मानधाता से एमपी सिंह को कोहड़ौर का दुबारा चार्ज दिया गया। रंगदारी मांगने वाले लोगों को पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करा दिए गए।
इनसेट------
व्यापारियों भाइयों की हत्या व बैंक डकैती में आया है सद्दाम का नाम
कोहड़ौर बाजार के व्यापारी श्यामसुंदर व श्याममूरत की 25 जुलाई 2018 की रात दुकान में घुसकर गोली मार दी गई। हत्या के बाद बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस ने खुलासा करते हुए कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदुरा रानीगंज निवासी अंकुर उर्फ हब्बू पासी और सद्दाम व गोंडा के रहने वाले समीर उर्फ राका को वारदात करने का आरोपी बनाया। तब से एसटीएफ से लेकर पुलिस तक सद्दाम व हब्बू के पीछे पड़ी हुई है, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बल्कि पुलिस को चुनौती देते हुए हब्बू, राका ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंतू में बैंक डकैती की घटना को अंजाम तक दे दिया। कंधई में घर के बाहर बुलाकर बृजेश मिश्रा की हत्या में भी हब्बू का हाथ पुलिस मानकर चल रही है।