नगर कोतवाली और अंतू में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले लुटेरे को पुलिस ने दबोच लिया। उसके चार साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने लुटेरे के पास से तमंचा, कारतूस व रुपये बरामद कर जेल भेज दिया।
सिटी चौकी प्रभारी का दावा है कि रविवार को हर्ष पैलेस के पास दो बाइक से आने वाले संदिग्ध युवकों को रोका गया। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। उनका पीछा किया गया। तभी बाइक फिसलने से एक युवक गिर पड़ा। जिसे पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा, कारतूस के साथ नौ सौ रुपये मिले। उसने अपना नाम सलमान पुत्र रियाजुद्दीन निवासी गड़वारीपुर थाना अंतू बताया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी संजय पाल, शाहरुख, अशरफ और ककरहा निवासी रकीब के साथ मिलकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता है। बीते 9 जून 2018 को गड़वारा बाजार में बीयर के सेल्समैन से 19 हजार रुपये लूटे थे। नगर कोतवाली के बड़नपुर निवासी अधिवक्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह का मोबाइल लूटकर भाग निकले थे। अंतू थाना क्षेत्र के चौरा के पास स्कूटी सवार एएनएम नमिता का पर्स लूटकर भागे थे। फुलवरिया के पास सिटी खदेरुआपुर निवासी टाइनी शाखा संचालक सैयद नदीम हैदर से मोबाइल और 12 सौ रुपये लूटे थे। पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।