पुलिस की लापरवाही से मारे जा रहे व्यापारी : कंछल
व्यवसायी की हत्या पर जताई नाराजगी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, बैठक डीजीपी से मिलकर करेंगे नाराजगी का इजहार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बाघराय में व्यवसायी की दिनदहाड़े हुई हत्या पर व्यापार मंडल ने गहरी नाराजगी प्रकट की है। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल ने गुरुवार को शहर में व्यापारियों के साथ बैठक कर घटना पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि हत्या की अधिकांश घटनाएं व्यापारियों के साथ ही क्यों हो रही हैं। उन्होंने शुक्रवार को डीजीपी से मुलाकात कर नाराजगी प्रकट करने को कहा है।
व्यापार मंडल कार्यालय पर बैठक करके उन्होंने कहा कि व्यापारियों से रंगदारी और हत्या की घटनाओँ पर पुलिस विराम नहीं लगा पा रही है। हत्या के बाद और पहले भी पुलिस सिर्फ दिखावा करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस से जनता का विश्वास उठ गया है। इसलिए व्यापारियों को स्वयं सावधानी बरतनी होगी। बाघराय में व्यवसायी की हुई हत्या पर नाराजगी प्रकट करते हुए शुक्रवार को डीजीपी और गृह सचिव से मिलकर ज्ञापन सौंपने की बात कही है। बैठक में जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार केसरवानी, संजय सोनी, रामशंकर जायसवाल, सतीश चंद्र सोनी, पंकज केसरवानी, अमित केसरवानी, शरद केसरवानी, प्रदीप खंडेलवाल, संदीप रावत प्रमुख रूप से मौजूद रहे।