हिरासत में लिए गए आरोपियों को पुलिस ने छोड़ा
मृतक के बेटे से कराया आमना-सामना, हत्या की वजह को लेकर पुलिस हलाकान
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। अधेड़ की हत्या के मामले में परिजनों के शंका जताने पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया था। मृतक के बेटे से तीनों आरोपियों का आमना-सामना कराया गया। बातचीत के बाद पुलिस ने तीनों को छोड़ दिया। हत्या की असली वजह खंगालने में पुलिस जुटी हुई है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के कोपा निवासी रामसुख (48) की शनिवार की सुबह लाश मिली थी। उसके सिर पर ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से प्रहार किया गया था। पुलिस ने मृतक के बेटे अरविंद प्रजापति की तहरीर पर कल्लू केवट व कल्लू खरवार निवासी विनैका और छोटेलाल मौर्य निवासी कोपा के खिलाफ हत्या की शंका का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, लेकिन घटना में उनकी संलिप्तता नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के बेटे व आरोपियों को सामने लाकर पूछताछ की। परिवार के लोगों के संतुष्ट होने के बाद तीनों आरोपियों को छोड़ दिया गया। एसओ देवसरा ने बताया कि हत्या की वजह को लेकर अब नए सिरे से जांच होगी। पट्टे की जमीन को लेकर कोई ऐसा विवाद नहीं था।