खड़े ट्रक से टकराया ट्रक, चालक की मौत
हथिगवां के जहानाबाद में हाइवे पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। तेज रफ्तार से जा रहा ट्रक हाइवे पर किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। इससे चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस उसके शव को थाने ले आई। सुबह उसके पास मिले आधारकार्ड से उसकी पहचान कर ट्रक मालिक को सूचना दी गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बिहार के गया के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मनसोंधा गांव निवासी विजय कुमार यादव (32) पुत्र रामवृक्ष यादव ट्रक चालक था। शनिवार की रात में वह ट्रक पर सामान लादकर कौशांबी की ओर जा रहा था। रास्ते में हथिगवां थाना क्षेत्र के जहानाबाद में हाइवे पर अचानक उसने नियंत्रण खो दिया और ट्रक हाइवे किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। इससे ड्राइवर विजय की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे ट्रक के ड्राइवर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। रविवार की सुबह उसके आधारकार्ड से पहचान हो सकी। पुलिस ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी। इस मामले में एसओ हथिगवां का कहना है कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। दोनों ट्रक को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। परिजनों के आने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी को ग्रामीणों ने पीटा
कुंडा(ब्यूरो)। प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को थाने उठा ले गई।
हथिगवां थाना क्षेत्र के नोवन का पुरवा गांव की एक महिला शनिवार की रात में लगभग 9 बजे शौच के बहाने घर से निकली। इस दौरान वह खेतों में अपने प्रेमी से मिलने पहुंच गई। गांव के लोगों के लोगों को उस पर पहले से शक था। इसके चलते वह उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही दोनों एक खेत में पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस को सूचना देकर बुलवाया और दोनेां केा उनके हवाले कर दिया।
लू लगने से अधेड़ की मौत
बाघराय(ब्यूरो)। बाघराय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोर्रही निवासी शिवराज हरिजन (50) तुलवापुर अपनी पत्नी के साथ घर के सामने बैठा था। शिवराज ने अपनी पत्नी से एक गिलास पानी मांगा। पत्नी जैसे ही पानी लेने गई इधर शिवराज की मौत हो गई। पत्नी पानी लेकर बाहर निकली पति को जमीन पर पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। चीख पुकार पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। इलाज के लिये एक चिकित्सक को बुलाया गया लेकिन उसने उसे मृत घोषित कर दिया।
आग लगने से पशुशाला व सामान जल कर हुआ राख
बाघराय(ब्यूरो)। बाघराय थाना क्षेत्र के सिया शिवदीन का पुरवा गांव में दशरथ लाल यादव की पशुशाला में रहस्यमय ढंग से आग लग गई। इससे पूरी पशुशाला जलकर राख हो गई। जानवर पशुशाला के बाहर थे। इसलिए बच गए। पशुशाला के बगल कमरे में भूसा, आलू, गेहूं सहित अन्य चीजें जल गईं। सो रहे परिजनों को जब आग लगने की जानकारी हुई तो उन्होंने किसी तरह से आग बुझाई।
दुराचार के आरोपी को पुलिस ने पकड़कर भेजा जेल
बाबागंज (ब्यूरो)। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के भरत का पुरवा चौरंग निवासी मोनू गुप्ता पुत्र मणिलाल गुप्ता छह माह पूर्व गांव की एक दलित युवती के साथ दुराचार करने का आरोपी था। पीड़िता के पिता संतलाल ने संग्रामगढ़ थाने में तहरीर देकर उसके खिलाफ दुराचार समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से वह फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने उसकी घेरे बंदी की रात करीब 8 बजे वह लखपेड़ा़ इंटर कालेज के पास से गिरफ्तार कर लिया।
शराब व्यवसायी को तमंचा सटाकर पीटने पर 4 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
बाबागंज(ब्यूरो)। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरई चौराहा स्थित देशी शराब व्यवसाई नागेंद्र प्रताप सिंह पुत्र अवधेश बहादुर सिंह निवासी नेवढिया को शनिवार की शाम मिष्ठान भंडार पर चाय पीते समय दो लग्जरी गाडिय़ों से आए आधा दर्जन लोगों ने तमंचा सटाकर लाठी डंडे से बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया था। सूचना पर पहुंची संग्रामगढ़ पुलिस ने घायल को सीएससी संग्रामगढ ले जाकर इलाज करवाया। पीड़ित के भाई बृजेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप सिंह पुत्र गिरेंद्र सिंह निवासी विजयीमऊ, हरि पटेल पुत्र ननकू पटेल निवासी हिसामपुर, दीपू तिवारी पुत्र सदानंद तिवारी निवासी अइना मान्धाता व बृजेश सिंह पुत्र अज्ञात निवासी किठावर बाजार थाना अंतू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
ससुरालियों दहेज हत्या का मुकदमा
शनिवार को आग लगाकर कमरे में जल मरी थी विवाहिता
अमर उजाला ब्यूरो
बाबागंज। विवाहिता के आग लगाकर जान देने के मामले में उसकी मां ने ससुरालियों के खिलाफ हत्या करने का रिपोर्ट दर्ज कराई है। शनिवार को विवाहिता ने घर के अंदर कमरा बंदकर आग लगा ली थी। ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के रायकाशीपुर निवासी सोनी सरोज (23) पत्नी विजयशंकर सरोज की बीते शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई थी। परिजनों ने उसे संग्रामगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। प्रयागराज में पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मां माता देवी पत्नी रामसजीवन निवासी डीगुर सिंह का पुरवा रायगढ़ महेशगंज ने संग्रामगढ़ थाने में तहरीर देकर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उसकी पुत्री को ससुराल पक्ष के लोगों ने एक लाख रुपये तथा दहेज में एक मोटरसाइकिल की मांग पूरी ना होने पर लगातार प्रताड़ित करते थे। इसी के चलते सास अशोगाहिन, ननद सुषमा, देवर रंजीत, पति विजय शंकर व ससुर बैजनाथ ने शनिवार को उसे जलाकर मार डाला। पुलिस ने पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रधान से मांगी जा रही रंगदारी, थाने में की शिकायत
परियावां (ब्यूरो)। मानिकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पानिगो के प्रधानपति पप्पू पुत्र मोहम्मद उमर ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि गांव के ही धर्मेंद्र सिंह पुत्र यशवंत सिंह, मोनू सरोज पुत्र रामफेर तथा नन्हे लाल यादव पुत्र कल्लू निवासी पनिगो ने खड़ंजा निर्माण के समय गाली गलौज की। इसके साथ ही कहा कि पांच लाख रुपये दे दो वरना जान से मार देंगे। धर्मेंद्र सिंह ने तो उसे तमंचा भी सटा दिया। उसने कार्रवाई की मांग की है।
बगैर गुरु के मानव जीवन है बेकार
कुंडा (ब्यूरो)। बिना गुरु के मानव जीवन बेकार है। यह बातें संत निरंकारी सत्संग भवन गुलाम चिश्ती में संत महादेव नेक कहीं। उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनमोल है। बिना गुरु के मानव जीवन व्यर्थ चला जाता है। समय रहते प्रत्येक व्यक्ति को गुरु करना आवश्यक है। इस दौरान सत्संग में मुखी उमेश साहू, राजाराम यादव, शारदा प्रसाद, सुरेश केसरवानी, कमलेंद्र राही, रोशनलाल, रामहर्ष, शिप्पू केसरवानी, दिलीप कुमार आदि मौजूद रहे।