लाइनमैन का शव रखकर पट्टी-प्रतापगढ़ मार्ग पर लगाया जाम
मुआवजे की मांग, एसडीओ और जेई पर लगाया इलाज मेें लापरवाही का आरोप
एसडीओ और जेई के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
पट्टी। पट्टी उपकेंद्र में ड्यूटी के दौरान मरे संविदा लाइनमैन का शव सोमवार को पट्टी-प्रतापगढ़ मार्ग पर रखकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। परिजन एसडीओ एवं जेई पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग करने लगे। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे सीओ पट्टी व कोतवाल ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर ग्रामीण मांगों को लेकर अड़े रहे। इस बीच नायब तहसीलदार ने विद्युत विभाग की मीटिंग में अधिकारियों की व्यस्तता की जानकारी देकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। अधिकारियों के इंतजार में परिजन शव लेकर उपकेंद्र पर बैठे रहे। शांम करीब चार बजे एसडीएम पट्टी और एक्सईएन ने मौके पर पहुंचकर 20 हजार की मदद दी। मृतक के परिजन की तहरीर पर एसडीओ व जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पट्टी इलाके के पूरे बसन निवासी अशोक गौतम (38) पट्टी विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन था। वह रविवार को सुबह 10 बजे उपकेंद्र पर गया था। दोपहर में उसकी हालत बिगड़ी तो उसे उपचार के लिए ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों की मानें तो तबियत खराब होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने जानकारी के बाद भी न तो सूचना दी और न ही समुचित ढंग से इलाज कराया। सोमवार सुबह 9 बजे परिजन ग्रामीणों संग पट्टी उपकेंद्र पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। तीन घंटे तक परिजन उपकेंद्र पर अफसरों का इंतजार करते रहे। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर शव पट्टी-प्रतापगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद सीओ पट्टी रबी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे और दोषी अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। थोड़ी देर बाद नायब तहसीलदार राजकपूर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग की मीटिंग में अधिकारियों के व्यस्त होने की जानकारी दी। इसके बाद किसी तरह ग्रामीण जाम खत्म के लिए तैयार हुए और शव लेकर फिर पट्टी उपकेंद्र पहुंच गए। शाम करीब चार बजे एक्सईएन सत्यप्रकाश मिश्र व एसडीएम जेपी मिश्र उपकेंद्र पहुंचे। परिजनों को 20 हजार की आर्थिक मदद देने के साथ ही हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। तब जाकर लाइनमैन का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। परिजनों की तहरीर पर एसडीओ एसवी प्रसाद व जेई संदीप कुमार के खिलाफ गैर इरातन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इनसेट---------------
रो-रो कर पत्नी-बच्चे बदहवास
अशोक गौतम की पत्नी अंजलि व बच्चे कार्तिक, आदित्य व अजय का रो-रो कर बुरा हाल है। उनकी हालत देखकर सभी की आंखें नम हो गईं। पत्नी अंजलि पति के शव के पास बदहवास बैठी थी जबकि बच्चे रोते- बिलखते शव से लिपटे हुए थे। परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल था।
खौफजदा रह जाम में फं से यात्री
ग्रामीणों का आक्रोश देख जाम में फंसे यात्री खौफजदा रहे। करीब एक घंटे तक न तो कोई पुलिसकर्मी और न ही कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।