कार सवार बदमाशों ने ट्रक और एक लाख रुपये लूटे
चालक को बंधक बनाकर रात भर घूमाते रहे, भोर में पीटकर शमशेरगंज के पास फेंका
अमर उजाला ब्यूरो
लीलापुर।
वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर कार सवार बदमाशों ने ट्रक, 1 लाख 8 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। चालक को सुनसान स्थान पर फेंककर बदमाश भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर जेठवारा व लालगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। लालगंज पुलिस हमेशा की तरह इस घटना को भी संदिग्ध मान रही है।
मानधाता थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी सलीम पुत्र लाल मोहम्मद का ट्रक जेठवारा के डांडी का निवासी सईद पुत्र जुमई चलाता है। रविवार को गोलाबाजार दोहरीघाट में प्याज उतारने के बाद वह घर लौट रहा था। हाईवे से होते हुए वह लालगंज कोतवाली के लोनी नदी के पास पहुंचा। तभी पीछे से आ रही सेंट्रो कार ने ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया। ट्रक रुकते ही कार से तीन बदमाश उतरे। ट्रक पर चढ़कर बदमाशों ने चालक को तमंचा सटाकर नीचे उतार लिया। उसे जबरन कार में बैठा लिया। एक बदमाश ट्रक लेकर चला गया। बदमाशों ने चालक के पास रहे 1 लाख आठ हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। रातभर इधर-उधर घूमाने के बाद बदमाशों ने बढनी-शमशेरगंज बाजार मार्ग पर चालक सईद की पिटाई करने के बाद कार से फेंक दिया। भोर में चालक सईद ने ग्रामीणों की मदद से घटना की जानकारी मालिक व पुलिस को दी। ट्रक लूटने की खबर पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए चालक से घटनाक्रम की जानकारी ली। लालगंज कोतवाल का कहना है कि ट्रक लूट की घटना संदिग्ध लग रही है। फिलहाल चालक के मोबाइल की काल डिटेल मंगाई गई है।
0000
गुमटी में अराजकतत्वों ने लगाई आग
लीलापुर(ब्यूरो)। लालगंज कोतवाली के तुलापुर निवासी आरबी सिंह ने साहबगंज बाजार के पास पान व किराने की दुकान गुमटी में खोल रखी है। रविवार की रात अराजकतत्वों ने गुमटी में आग लगा दी। जिससे गुमटी जलकर राख हो गई। इससे दुकान में रखा लगभग 50 हजार का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
0000
सीएचसी मंदाह में रहस्मय तरीके से हुई चोरी
किशुनगंज(ब्यूरो)। कंधई थाना क्षेत्र में स्थित सीएचसी मंदाह में फिर चोरी की घटना हो गई। इस चोरी को लेकर ग्रामीण संग स्वास्थ्यकर्मी भी हैरत में हैं। मंदाह अस्पताल में सोमवार की सुबह ड्यूटी पर फार्मासिस्ट अश्वनी कुमार श्रीवास्तव पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के कमरों का बंद ताला खोला। सीएचसी प्रभारी डा. आजाद के कमरे में लगा इंटवर्टर व बैट्री गायब मिला। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी भी पहुंचे। कमरे में आने के लिए खिडक़ी दरवाजा टूटा नहीं था। चोर किस रास्ते कमरे सेे घुसा होगा। इसे लेकर चर्चा होती रहीं। फिलहाल प्रभारी चिकित्साधिकारी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
0000
रिहायशी छप्पर में लगी आग, गृहस्थी जलकर राख
प्रतापगढ़(ब्यूरो)। अज्ञात कारणों से रिहायशी छप्पर में आग लग गई। इससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। कंधई थाना क्षेत्र के राजापुर मुफरिद निवासी अनीता गौड़ पत्नी फूलचंद्र छप्पर के नीचे जीवन यापन करती थीं। रविवार की रात उसके रिहायशी छप्पर में किसी ने आग लगा दिया। जब तक गांव के लोग आग पर काबू पाते। उससे पहले ही आग ने छप्पर को अपने आगोश में ले लिया। पल भर में ही आग ने रिहायशी छप्पर को राख कर दिया। पूरा परिवार आसमान के नीचे आ गया। राजस्व विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। जिससे पीड़ित परिवार की मदद हो सके।
000
फोटो-5,6
एसपीकार्यालय के करीब मकान पर कब्जे को लेकर जंग
ताला तोड़ रही बहनों को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस को दी तहरीर, हंगामे के दौरान लगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के करीब मकान पर कब्जे को लेकर जंग छिड़ गई। हंगामे के दौरान भंगवा चुंगी-कचहरी मार्ग पर जाम लग गया। ताला तोड़ने के आरोप में पुलिस दो बहनों को अपने साथ कोतवाली ले गई। दोनों पक्ष मकान अपना बता रहे थे। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से चंद कदम दूर लोहिया पार्क तिराहे के पास एक पुराना मकान है। विवाद के चलते कई सालों से मकान पर ताला बंद है। सोमवार दोपहर दो युवतियां पहुंचीं और दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ने लगीं। ताला तोड़ने के दौरान वहां भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मकान को अपना बताने वाले विक्रम सिंह अपने करीबियों के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इससे तमाशबीनों की भारी भीड़ जुट गई। जिससे कोषागार चौराहे से लेकर भंगवा चुंगी मार्ग पर लंबा जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी मकंद्रूगंज और डायल 100 की टीम पहुंची। मकान का ताला तोड़ने वाली मनीषा व खुशबू पुत्री सुभाषचंद्र निवासी पल्टन बाजार मकान को अपना बता रही थीं। जबकि विक्रम का तर्क था कि उसने संकरी देवी से मकान का बैनामा कराया है। सुभाष मकान में रहता था लेकिन बाद में रजामंदी के बाद वहां से चला गया। अब कांशीराम कॉलोनी में रहता है। इसे लेकर कोतवाली में लोगों का जमघट लगा रहा। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। ताला तोड़ने वाली लड़कियों को परिवार के लोगों के सुपुर्दगी में दे दिया गया है। वैसे भी विवाद के चलते मकान पर प्रशासन ने ताला बंद करा रखा है।
इनसेट-----
मकान को लेकर पहले भी हो चुका है बवाल, प्रशासन ने कराया था सीज
लोहिया पार्क के करीब पल्टन बाजार में स्थित कीमती मकान को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। मकान पर कब्जा करने को लेकर 3 साल पहले जमकर बवाल हुआ था। दो पक्ष के लोग असलहों के साथ आमने-सामने हो गए थे। तत्कालीन उपजिलाधिकारी सदर के आदेश पर 145 के तहत कार्रवाई करते हुए मकान में ताला बंद कराया गया था। इसके बावजूद हर माह मकान पर कब्जे को लेकर विवाद होता रहता है। बार-बार ताला तोड़ने वालों पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती। जिसके चलते स्वामित्व बताने वाले लोग कब्जा करने पहुंच जाया करते हैं।
इनसेट----
महिला आरक्षी न होने से पुलिसकर्मी बेबस दिखे
विवादित मकान पर कब्जे को लेकर सोमवार को हुए हंगामे के बाद पुलिस व डायल 100 की टीम पहुंच गई। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कार्रवाई करने में पुलिसकर्मी बेबस दिखे। चूंकि ताला तोड़ने वाली युवतियां थीं। जिसे लेकर काफी देर तक महिला आरक्षी को बुलाया जाता रहा। महिला सिपाही के पहुंचने के बाद पुलिस ताला तोड़ने की आरोपी बहनों को कोतवाली ले गई। हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया। उनका कहना था कि वे लोग ताला नहीं तोड़ रहीं थीं। वह मकान उनका है, वे दर-दर की ठोकरें खा रही हैं। उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है।
0000
मारपीट करने वालों पर केस
जेठवारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के रानी का सराय निवासी मीना सरोज की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की है। उसने पड़ोसी नीरज सिंह, गोलू सिंह, अशोक सिंह व नवीन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि हमलावरों ने उसे मारा पीटा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।