घर जा रहे सेक्रेटरी से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 70 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस घटना की पड़ताल कर लौट गई। पीड़ित ने बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के दया का पुरवा डांडी निवासी कौशलेंद्र कुमार शुक्ल लालगंज विकास खंड में सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर जा रहे थे। लालगंज कोतवाली के सगरासुंदरपुर-लक्ष्मणपुर रोड पर बंधवा वीर बाबा के समीप पीछे से आए बाइक सवार बदमाशाें ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया। इसके बाद 70 हजार रुपये, एटीएम कार्ड व मोबाइल लूट लिया। मुंह में तमंचे की नाल डालकर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से भाग निकले। कुछ देर बाद राहगीर व स्थानीय लोग पहुंचे और घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची लालगंज पुलिस ने छानबीन की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित सेक्रेटरी ने लालगंज कोतवाली पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।