चोरी हुए बैल का सिर खेत में मिला तो फूटा गुस्सा
स्थानीय लोगों ने मोहम्मदी-लखीमपुर मार्ग पर लगाया जाम
आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
मोहम्मदी/अमीरनगर। मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहिउद्दीनपुर में खूंटे से लापता बैल का सिर दूसरे दिन खेत में मिला तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस पर लापरवाही और गो-तस्करों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने मोहम्मदी-लखीमपुर मार्ग पर जाम भी लगाया। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर डीके सिंह ने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक मोहम्मदी-लखीमपुर मार्ग पर जाम लगा रहा।
अमीरनगर पुलिस चौकी क्षेेेत्र के गांव मोहिउद्दीनपुर के रामशंकर सिंह का बैल बृहस्पतिवार रात खूंटे से चोरी हो गया था। शुक्रवार सुबह छतुरी गांव के पास गन्ने के खेत से उसका सिर बरामद हुआ। रामशंकर सिंह का कहना है कि उसने तीन लोगों को नामजद करते हुए शुक्रवार सुबह अमीरनगर चौकी में तहरीर दी थी। पुलिस ने पशु का कटा सिर बरामद कर 12 बजे तक मुल्जिम गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, लेकिन जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो सैकड़ों ग्रामीणों ने मोहम्मदी-लखीमपुर मार्ग पर अमीरनगर चौकी के सामने जाम लगा दिया, जिससे मोहम्मदी और लखीमपुर की ओर से आने वाले वाहनों की लंबी लाइनें लग गई और यातायात बाधित हो गया। घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर डीके सिंह अपने दलबल के साथ पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम लगभग आधा घंटा लगा रहा। इंस्पेक्टर डीके सिंह ने बताया कि वादी की तहरीर पर तीनों अभियुक्तों के खिलाफ पशु चोरी कर उसकी हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।