गैस एजेंसी के कर्मचारी से तमंचे के बल पर 58 हजार लूटे
खबर मिलते ही भागी पट्टी पुलिस, घेराबंदी के बाद भी भाग निकले बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
पट्टी। गैस सिलेंडर वितरित करने के बाद एजेंसी लौट रहे कर्मचारी से तमंचे के बल पर बदमाशों ने 58 हजार रुपये लूट लिए। खबर मिलते ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घेराबंदी की, लेकिन वह पकड़े नहीं जा सके। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि घटना सुलतानपुर क्षेत्र में हुई है।
पट्टी कोतवाली के रायचंदपट्टी निवासी रिंकू सिंह की पट्टी-चांदा मार्ग पर गैस एजेंसी है। शनिवार को गैस सिलेंडर बिक्री करने के बाद मैजिक लोडर से कर्मचारी जितेंद्र सरोज चालक अखिलेश के साथ एजेंसी लौट रहा था। सुलतानपुर व जिले की सीमा पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने चौमरी मोड़ के पास वाहन रुकवाकर कर्मचारी जितेंद्र को तमंचा सटा दिया। इसके बाद उससे 58 हजार 165 रुपये लूट लिए। घटना के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले। जानकारी मिलने पर पट्टी पुलिस के साथ चांदा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घेराबंदी के बाद भी बदमाश भाग निकले। पट्टी कोतवाल ने बताया कि घटना सुलतानपुर के चांदा क्षेत्र में हुई है।
चोरी की बाइक के साथ दो चोरों को दबोचा
जेठवारा। चोरी की बाइक के साथ दो चोरों को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस उनके साथियों की तलाश कर रही है। जेठवारा पुलिस ने शनिवार की सुबह वाहन चेकिंग के दौरान अपाची बाइक सवार दो युवकों को रोका। पुलिस के रोकने पर वह भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि उनके पास से मिली बाइक चोरी की है। पकड़े गए रितिक उर्फ राजा पांडेय पुत्र महेंद्र कुमार पांडेय, कुबेर पांडेय पुत्र सुभाष पांडेय निवासी सरायनाहराय थाना जेठवारा को जेल भेज दिया गया। बाइक पर बाघराय के बंशियारा निवासी सचिन यादव पुत्र भइयाराम यादव की मोटरसाइकिल का नंबर लिखा था।
तमंचा के साथ दो युवकों को दबोचा
जेठवारा/रखहा। तमंचा के साथ दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। दोनों को जेल भेज दिया गया। चौकी प्रभारी डेरवा ने शनिवार की रात गश्त के दौरान दिनेश चौबे पुत्र हरिप्रसाद चौबे निवासी खटवारा जेठवारा को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा बरामद हुआ। बाइक का कागजात भी वह नहीं दिखा सका। उधर, कंधई पुलिस ने शुक्रवार की रात गश्त के दौरान आसलपुर के पास एक युवक को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा बरामद हुआ। पकड़े गए सुबहान पुत्र मुसिलम को पुलिस ने जेल भेज दिया।
किराना व्यापारी के घर धावा बोलकर फायरिंग
कार से आए थे नकाबपोश पांच हमलावर
अमर उजाला ब्यूरो
जेठवारा। कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने किराना व्यापारी के घर पर धावा बोलकर गालीगलौज करते हुए फायरिंग की। जिससे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के श्याम का पुरवा काछा निवासी पंकज यादव पुत्र हरीलाल यादव ने घर पर ही किराने की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार की देर रात चार पहिया वाहन से पांच नकाबपोश युवक पहुंचे। कार से उतरते ही वह गालीगलौज करने लगे। जब तक पंकज कुछ समझ पाता कि कार से उतरने वाले लोगों ने असलहा निकाल लिया। यह देख वह घर में भागकर छिप गया। गालीगलौज करने के बाद बदमाश फायरिंग करने लगे। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक कार सवार हमलावर भाग निकले थे। कारोबारी पंकज कुमार यादव ने पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। जेठवारा थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। फिलहाल छानबीन के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।