मोबाइल नंबर को लेकर छात्राओं के परिवारों में ठनी
पहले किया इनकार , अब बता रहे रिश्तेदार का है मोबाइल नंबर
जांच कम, लीपापोती में अधिक दिलचस्पी ले रही देवसरा पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सुलतानपुर की दो छात्राओं की मौत के मामले में अब दोनों के परिवार वालों के बीच रार छिड़ गई है। पहले कविता की कापी में लिखे मोबाइल नंबरों के बारे में जानकारी से इनकार करने वाले परिजन अब नंबर रिश्तेदारों का होना बता रहे हैं। देवसरा पुलिस भी जांच में कम लीपापोती में अधिक दिलचस्पी दिखा रही है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नीमा गोपालपुर हाल्ट पर 7 जनवरी की सुबह दो छात्राओं की लाश मिली थी। उनकी पहचान सुलतानपुर जनपद के लंभुआ थाना क्षेत्र के गोसाई का पुरवा निवासी अर्चना (17) पुत्री श्रीराम और कविता वर्मा (16) पुत्री रामलवट वर्मा निवासी कोथराखुर्द घूरीपुर के रूप में हुई थी। अर्चना व कविता के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। कविता की कापी में दो मोबाइल नंबर लिखे थे। उन नंबरों से राज खुलने की उम्मीद थी। पहले कविता के पिता रामलवट ने उन नंबरों को अपने परिवार के सदस्यों के न होने की बात कही थी। अब दोनों नंबरों को अपने रिश्तेदार का बता रहे हैं। जिसे लेकर अर्चना व कविता के परिजनों के बीच रार छिड़ गई है। रामलवट ने देवसरा एसओ से दोनों नंबर रिश्तेदारों के होने की बात करते हुए उन्हें पूछताछ के लिए न बुलाने को कहा। जिस पर सवाल खड़ा करते हुए अर्चना के भाई पप्पू ने आरोप लगाया है कि जब पहले रामलवट से पुलिस ने नंबरों को लेकर पूछताछ की थी, तब उन्होंने जानकारी होने से इनकार कर दिया था। अब वह नंबर रिश्तेदार के कैसे निकल गए। उसकी बहन के साथ साजिश हुई है। देवसरा पुलिस भी घटना को गंभीरता से नहीं ले रही है। पुलिस मामले की जांच में कम बल्कि उसे रफा-दफा कर अपना पिंड छुड़ाने में अधिक रुचि ले रही है। एसओ देवसरा ने बताया कि उन नंबरों को रामलवट अपने रिश्तेदार का बता रहा है। अब स्लाइड की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
फोटो-
गठबंधन पर झूमे सपा-बसपा कार्यकर्ता
अंबेडकर चौराहे पर मनाया जश्र, आतिशबाजी के साथ बांटी गईं मिठाइयां
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए सपा व बसपा गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। शनिवार को अंबेडकर चौराहे पर माल्यार्पण के बाद आतिशबाजी करते हुए मिठाइयां बांटीं।
बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए औपचारिक गठबंधन का ऐलान होते ही बसपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार और सपा जिला उपाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी की अगुवाई में ढोल नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता खुशियां मनाते हुए अंबेडकर चौराहे पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मिठाइयां बांटीं। इस दौरान दोनों दलों का झंडा लहराता रहा। लोगों ने कहा कि गठबंधन देश की दिशा व दशा तय करते हुए जनता के हित में काम करेगा। इस मौके पर बसपा नेता अश्वनी राणा, जहीरुल हसन अच्छन मामा, रामसमाज गौतम, आरिफ खान, सादिक अली, यूसुफ खान, हरीश शुक्ला, गुलफाम खां, विजय मिश्रा बाबी, अरविंद यादव, सद्दाम हुसैन, भानु यादव, नासिर, रियाजुद्दीन, शकील अहमद निसार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। उधर, सपा जिलाध्यक्ष राम सिंह पटेल ने कहा है कि यह गठबंधन शोषित लोगों के प्रति भाजपा की मनुवादी नीतियों का नतीजा है। अब लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपनी औकात पता चल जाएगी।
तमंचा के साथ युवक को दबोचा
बीरापुर। फतनपुर पुलिस ने तमंचा के साथ एक युवक को दबोच कर जेल भेज दिया। रामापुर बाजार में शुक्रवार की रात गश्त पर निकली फतनपुर पुलिस को देख संदिग्ध युवक भागने लगा। जिसे पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा च कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए अनस पुत्र अख्तर निवासी भैरोपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
लेनदेन को लेकर जुआडिय़ों में हुई मारपीट
जगेशरगंज। जुए की फड़ पर रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई। जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। अंतू थाना क्षेत्र के जगेशरगंज के आसपास शाम होते ही जुए की फड़ सजने लगती है। शनिवार की शाम खेल के दौरान दो लोगों के बीच मारपीट होने लगी। पुलिस को आते देख जुआ खेल रहे लोग भाग निकले।
संदिग्ध हालत में युवक की मौत
शमशेरगंज। घर में सो रहे युवक की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार परिजनों ने कर दिया। जेठवारा थाना क्षेत्र के सिंधौर वादराय का पुरवा निवासी फूलचंद्र (35) शनिवार की रात घर में चारपाई पर सोया था। शनिवार को वह मृत मिला। यह देख परिजन बिलखने लगे। गांव में इस बात की चर्चा होती रही कि उसने जहर खाकर जान दी है। हालांकि पुलिस को सूचना देने के बजाय परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बाइक सवार बस से टकराए, गंभीर
राजगढ़। प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर सवारी उतार रही रोडवेज बस में पीछे से बाइक सवार टकराकर घायल हो गए। नगर कोतवाली के राजगढ़ निवासी देवेंद्र धुरिया (30) पुत्र जोखई अपने जीजा राजेश धुरिया को भुपियामऊ छोडने जा रहा था। राजगढ़ में बस सवारियां उतार रही थीं। अनियंत्रित बाइक बस में पीछे से टकरा गई। जिससे देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राजेश को भी चोटें आईं।
ताला तोडक़र बैट्री चोरी
प्रतापगढ़। शहर के जोगापुर से ताला तोडक़र चोर बैट्री उठा ले गए। जोगापुर निवासी मनोज सिंह ने घर के करीब ही बैट्री की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार की रात चोरों ने ताला तोडक़र दुकान के भीतर से 18 बैट्री चुरा ले गए। शनिवार की सुबह मनोज को जानकारी हो सकी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।