बदमाशों ने कटरा रोड पर सोमवार रात उत्पात मचाया। चावल व्यापारी को तमंचे के बल पर लूट लिया। दो घंटे बाद घर जा रहे युवक को तमंचा सटाकर लूट लिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के रूपापुर निवासी पवन कुमार सोमवार देर रात बाइक से अपने घर की ओर जा रहा था। सरोज चौराहे के करीब बाइक सवार तीन बदमाशों ने रुकने का इशारा किया। बाइक रुकते ही बदमाशों ने असलहा सटा दिया और जेब से करीब 15 हजार रुपये और दो मोबाइल लूट लिए। इसके बाद बदमाश भाग निकले। पवन की सूचना पर पुलिस पहुंची और बदमाशों की तलाश करने लगी, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। मौके पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी भी पहुंचे। इसके दो घंटे पूर्व बाइक सवार बदमाशों ने कटरा मेदनीगंज के व्यापारी व उसके पल्लेदार को तमंचे के बल पर फुलविरया में लूट लिया था।
कटरा चौराहा निवासी मोहम्मद रफीक अपने पल्लेदार सूरज निवासी अबनपुर के साथ लोडर(मैजिक) पर चावल की बोरी लादकर शिवजीपुरम स्थित एक दुकान पर देने जा रहा था। लोडर फुलवरिया के पास पहुंची। तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचा सटाकर तीन हजार रुपये और दो मोबाइल लूट लिया। व्यापारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद बदमाशों की तलाश करने लगी। प्रभारी नगर कोतवाल ने बताया कि पीड़ित की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दिया। बदमाशों की तलाश की जा रही है।