बारात में शामिल चाचा-भतीजे के ऊपर चाकू से हमला कर बदमाश बाइक, मोबाइल व नगदी लूटकर भाग निकले। सूचना के बाद भी घंटों विलंब से पहुंची पुलिस छानबीन करने के बाद वापस लौट गई।
नगर कोतवाली के चिलबिला निवासी अनिल कुमार सिंह (25) पुत्र ओम प्रकाश सिंह रविवार को कंधई थाना क्षेत्र के करनपुर खूझी गंगागंज गांव निवासी सुरेश सिंह के यहां बारात में गए थे। अनिल कुमार के साथ उसका भतीजा रोहित सिंह (16) पुत्र पवन सिंह भी था। जबकि अनिल का बड़ा भाई पवन सिंगठी खालसा के एक बारात में शामिल होने आया था।
रात करीब सवा दस बजे दोनों चाचा-भतीजे को याद आया कि पवन के कपड़े व दूसरे सामान उनके पास हैं। जिसे पहुंचाने के लिए दोनों बाइक से सिंगठी खालसा के लिए चल पड़े। दोनों परैया नाले के पास पहुंचे ही थे तभी घात लगाकर बैठे तीन बदमाशों ने हॉकी से हमला कर दिया। जिससे दोनों बाइक से गिर पड़े।
वे भी बदमाशों से भिड़ गए। इस दौरान बदमाशों ने चाकू से उन पर हमला बोल दिया। इससे वे घायल हो गए और बदमाश बाइक, दोनों का मोबाइल व दस हजार रुपये नगद लेकर भाग निकले। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग पहुंचे। दूसरे के मोबाइल से पुलिस को सूचना देने के बाद अनिल ने अपने भाई व बारात आए लोगों को घटना से अवगत कराया। सूचना के बाद करीब डेढ़ घंटे विलंब से कंधई पुलिस पहुंची। पूछताछ के बाद पुलिस बदमाशों की खोजबीन की बात कहते वापस लौट गई। सोमवार को पीड़ित अनिल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।