लखनऊ से सामान लादकर इलाहाबाद मुंडेरा मंडी जा रहे ट्रक को बदमाशों ने लूट लिया। बदमाश चालक व खलासी को बंधक बना लिया था। पुलिस दोनों को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया।
नवाबगंज निवासी रामबहादुर ट्रक चालक है। वह इलाहाबाद के गंगा ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चलाता है। रविवार को खलासी लल्लन के साथ लखनऊ से सामान लादकर मुंडेरा मंडी इलाहाबाद जा रहा था। चालक की मानें तो करीब साढ़े तीन बजे रात रायबरेली जिले के जगतपुर के पास बोलेरो सवार बदमाशों ने ट्रक को ओवरटेक कर रोक लिया। जबतक वह कुछ समझ पाता कि बदमाश ट्रक पर चढ़ गये।
चालक व खलासी को बंधक बनाने के बाद उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद उसे वहां से लेकर निकल पड़े। थोड़ी दूर बाद वे बेहोश हो गए। इसके बाद न जाने किस रास्ते से रानीगंज के सिंगाही प्राथमिक विद्यालय के पास दोनों को उतारकर चले गये। सोमवार सुबह दोनों को गांव के लोगों ने बेहोशी की हालत में देखा तो घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चालक व खलासी को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। उपचार के बाद हालत में कुछ सुधार हुआ तो चालक ने आप बीती बताई।