चेक बाउंस होने को लेकर एचडीएफसी बैंक में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी पद पर तैनात ओमप्रकाश मिश्रा ने शहर के एचडीएफसी बैंक से 2.50 लाख रुपये का पर्सनल लोन ले रखा है। तीन साल की अवधि में रुपये जमा करने के लिए 9057 रुपये किश्त निर्धारित की गई है। बैंक ने किश्त जमा करने की अंतिम तिथि माह की सात तारीख निश्चित की है।
ओमप्रकाश मिश्र का आरोप है कि प्रत्येक माह की पांच तारीख को बैंक में चेक जमा कर दिया जाता है। मगर खाते में भुगतान दस तारीख के बाद किया जाता है। इससे प्रतिमाह अतिरिक्त ब्याज का बोझ लादा जा रहा है। सोमवार को अचानक ओम प्रकाश मिश्र के पास बैंक से फोन आया कि आपकी किस्त जमा नहीं हुई है। यह सुनकर वह तुरंत बैंक पहुंच गए। उन्होंने चेक जमा होने की बात कही तो बैंक कर्मचारी बहानेबाजी करने लगे। इसी बात पर ओम प्रकाश भड़क गए, फिर क्या का वाद-विवाद बढ़ते ही हंगामा खड़ा हो गया। पहले तो बैंक कर्मचारी अपनी बात ऊपर रखते रहे, मगर जब ओम प्रकाश के पक्ष से लोगों के जुटने का सिलसिला प्रारंभ हुआ तो बैंक कर्मचारी अपनी गलती मानने लगे। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी शशि शेखर दीक्षित ने दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। इससे घंटों पुलिस, वकीलों और कर्मचारियों का जमघट लगा रहा।