स्वास्थ्य विभाग की जांच में हर दिन कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। इसके बावजूद लोग लापरवाह बने हैं। शहर से गांव तक लोग बगैर मास्क के घूम रहे हैं। कोरोना जांच करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारी बगैर पीपीई किट पहने ही खुद के साथ दूसरों की जान संकट में डाल रहे हैं।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। हर दिन 20 के करीब मरीज पाए जा रहे हैं। 14 दिन के भीतर जिले में 64 मरीज पाए जा चुके हैं। इसके बावजूद जिले के लोग पूरी तरह से लापरवाह बने हैं। अस्पताल, रेलवे स्टेशन समेत अधिकांश जगहों पर लोग बिना मास्क दिखाई पड़ रहे हैं।
वहीं, कोरोना जांच में लगाए गए एलटी को पीपीई किट नहीं दी जा रही है। बगैर पीपीई किट पहने एलटी मरीजों का सैंपल ले रहे हैं। जिम्मेदार इससे पूरी तरह से अनजान बने हैं। इससे कोरोना फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
कागजों पर बनाए जा रहे हॉटस्पॉट
कोरोना संक्रमित मिलने वाले लोगों के मोहल्लों को कागजों पर हॉटस्पॉट बनाया जा रहा है। किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया जा रहा है। इससे कोरोना फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
शहर के आधा दर्जन मोहल्लों में कोरोना के एक्टिव केस हैं, मगर स्वास्थ्य विभाग कागज पर हॉटस्पॉट बनवा रहा है।
बाहरी लोगों के आवागमन पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया जा रहा है। महज कागज पर संक्रमितों के मोहल्लों में प्रतिबंध का दावा किया जा रहा है। जबकि इन सभी मोहल्लों में एक भी बार न स्वास्थ्य कर्मी जा रहे हैं और न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई पहल हो रही है। लोगों का आवागमन बना रहता है। संक्रमितों के घर पड़ोस के लोग भी चले जा रहे हैं। संक्रमित बाहर निकलकर घूम रहे हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगाने से किया इनकार, हंगामा
स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही के चलते शनिवार को वैक्सीनेशन सेंटर पर हंगामा होने लगा। सीएचसी अधीक्षक ने किसी तरह लोगों को शांत कराकर टीकाकरण करवाया। संडवा चंद्रिका विकासखंड अंतर्गत कटका मानापुर निवासी हरदेव सिंह का आरोप है कि उन्होंने 2 दिन पहले कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए शनिवार के लिए स्लॉट बुक करवाया था।
शनिवार दोपहर वैक्सीन लगवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडवा चंद्रिका पहुंचे तो वहां पर बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर पर बैठे स्वास्थ्य कर्मी ने उनके वैक्सीनेशन की ऑनलाइन चेकिंग की प्रक्रिया शुरू की तो उसमें उनका वैक्सीनेशन पूर्व होना दिखा रहा था। स्वास्थ्य कर्मी सरला देवी ने सर्टिफिकेट भी निकाल कर दिखा दिया। मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने हरदेव सिंह को वैक्सीन लगाने से इनकार कर दिया। इसे लेकर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर सुनील यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे युवकों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
कोरोना जांच कराने के लिए नहीं चढ़ना होगा पांचवें तल पर
प्रतापगढ़। कोरोना की जांच कराने वाले लोगों को अभी तक मेडिकल कॉलेज की महिला विंग के पांचवें तल पर जाना होता था। इससे बुजुर्गों के साथ ही गर्भवती महिलाओं को परेशान होना पड़ता था। अब प्राचार्य ने दो अन्य जगहों पर भी जांच शुरू करा दी है।
अभी तक मेडिकल कॉलेज की महिला विंग के पांचवें तल पर कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे थे। इससे बुजुर्गों के साथ गर्भवती महिलाओं को दिक्कत हो रही थी। अब कोरोना सैंपलिंग महिला विंग के साथ पुरुष विंग में भी शुरू करा दी गई है। इससे लोगों को राहत मिलेगी।