स्थानीय थाना क्षेत्र के सुजाखर में बिना शट डाउन के लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से संविदाकर्मी लाइनमैन शिवपूजन उर्फ बजरंगी की मौत हो गई। आनन-फानन में उसे लेकर सीएचसी पहुंचे लोग शव छोड़कर भाग निकले।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के सराय लालशाह निवासी शिव पूजन वर्मा उर्फ बजरंगी 24 सुजाखर गांव में एक निजी नलकूप की लाइन बिजली के पोल के पास ठीक कर रहा था। अचानक वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। यह देख लाइन ठीक कराने वाले सुरेश उर्फ विजय उसे निजी वाहन से लेकर सांगीपुर सीएचसी पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। छह माह पहले करंट की चपेट में आने से उसकी मां की भी मौत हो चुकी है। सांगीपुर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ शांतिप्रिय शुक्ला ने बताया की मृतक लाइनमैन संविदा पर सहायक के रूप में कार्यरत था। लाइन ठीक करने के लिए ब्रेकडाउन नहीं लिया था।