बोर्ड परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूत का दावा हवा-हवाई साबित हो रहा है। गांवों में अंधाधुंध कटौती जारी है। रात में दर्शन देने के बाद बिजली गुल हो जा रही है। इससे छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा की तैयारी में दिक्कत पैदा हो रही है। इसे लेकर परीक्षार्थियों में गहरा आक्रोश है। मगर विभागीय अधिकारी इससे अंजान बने हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से चल रही है। बोर्ड परीक्षा के पखवारे भर पहले विद्युत विभाग ने बोर्ड परीक्षा के दौरान निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति देने का दावा किया था। इसके लिए विद्युत उपकेंद्रों पर अवर अभियंताओं को निर्देशित किया गया था। आपूर्ति में बाधक बनने वाली समस्याओं को दूर करने को कहा गया था।
ताकि आपूर्ति में किसी तरह की दिक्कत न हो, मगर अफसरों का निर्देश काम नहीं आया। ग्रामीणांचल में बिजली की अंधाधुंध कटौती जारी है। रानीगंज में लोकल फाल्ट के चलते दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रहती है। क्षेत्र के खाखापुर, पांडेयतारा, गौरा उपकेंद्र पर बिजली की अंधाधुंध कटौती की जा रही है। रात में बिजली दर्शन देने के बाद गुल हो जाती है।
भोर में थोड़ी देर के लिए आपूर्ति होगी, इसके बाद फिर गुल हो जाती है। यही हाल कुंडा, पट्टी, मानधाता व सदर क्षेत्र के संडवाचंद्रिका, गड़वारा, कोहड़ौर सहित विद्युत उपकेंद्रों का है। परीक्षा की शुरुआत से अब तक निर्बाध बिजली देने का दावा सच साबित नहीं हो सका। इससे परीक्षार्थियों में गहरा आक्रोश है।
इस बारे में एसडीओ रानीगंज संतोष कुमार पटेल ने बताया कि बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। कहीं-कहीं लोकल फाल्ट आपूर्ति में बाधक बनते हैं, मगर उन्हें फौरन दुरुस्त कर लिया जाता है।