जिले में रविवार को कोटे की 80 फीसदी दुकानों पर राशन के साथ मुफ्त रिफाइंड, चना और चीनी लेने पहुुंचे लोगों को निराश होना पड़ा। शासन के निर्देश के बाद भी दुकानों पर सामग्री नहीं पहुंची। अधिकांश दुकानों पर आधी-अधूरी ही सामग्री पहुंच पाई। इससे पहले दिन दुकानों पर वितरण नहीं हो सका। कहीं रिफाइंड पहुंचा तो कहीं चना। कई दुकानों पर सिर्फ गेहूं व चावल का स्टॉक पहुंच पाया था। इससे पहले दिन राशन वितरण कार्यक्रम की सिर्फ औपचारिकता ही पूरी हो पाई। हालांकि, राशन की दुकानों से अभी 20 दिनों तक सामग्री का वितरण किया जाएगा।
जिले में राशन की कुल 1359 दुकानें हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत होली तक जिले के 5.84 लाख उपभोक्ताओं को मुफ्त में गेहूं, चावल के साथ चना, नमक और रिफाइंड दिया जाना है। कार्डधारकों को गेहूं और चावल एक यूनिट पर पांच किग्रा मिलेगा। जबकि चना, नमक एक-एक किलो और रिफाइंड का एक लीटर का पैकेट एक राशनकार्ड पर मिलेगा। 12 दिसंबर से 20 दिसंबर तक राशन का वितरण चलता रहेगा। राशन वितरण के पहले दिन रविवार को व्यवस्था धड़ाम हो गई। दुकानों पर स्टॉक नहीं पहुंच पाया। रानीगंज के गौरा ब्लॉक में सरकारी गल्ले की 77 दुकानें हैं। इनमें सिर्फ डिघवट व सुरवामिश्रपुर गांव में लोगों को अनाज के साथ अन्य सामग्रियां वितरित की गईं।
बाकी 74 दुकानों पर पहले दिन संपूर्ण राशन नहीं पहुंच पाया। कहीं चना पहुंचा तो रिफाइंड नहीं तो कहीं चीनी नहीं मिली थी। इससे दुकानों पर वितरण नहीं हो सका। लोगों को निराश लौटना पड़ा। यही हाल शिवगढ़ ब्लॉक का भी रहा। यहां सिर्फ अवधानपुर गांव में ही राशन का वितरण किया गया। क्षेत्र के संडौरा, चांदपुर, हरिपालमऊ, बीरापुर, छानापार, बिच्छूर, मीरपुर, दमदम, सुजहा, कनेवरा सहित गांवों में लोगों को निराश लौटना पड़ा। आपूर्ति निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि राशन वितरण का पहला दिन था। इस वजह से स्टॉक नहीं पहुंच पाया था। ब्लॉकों की दुकानों पर सामग्री पहुंचा दी गई है।
सोमवार से वितरण शुरू हो जाएगा। लालगंज तहसील क्षेत्र के लक्ष्मणपुर ब्लॉक में कुल 74 दुकानें हैं। जिसमें 14 दुकानों पर अभी राशन का उठान नहीं हो पाया है। वहीं लक्ष्मणपुर में डांडी गांव में पहले दिन 65, चितरी में 88, गहिरी में 43 कार्डधारकों को राशन वितरित किया गया। सगरासुंदरपुर में मशीन न चलने के कारण लाभार्थियों को बैरंग लौटना पड़ा।
सांगीपुर ब्लॉक के 50 प्रतिशत गांवों में राशन का वितरण नहीं हो सका। क्षेत्र देऊम पश्चिम, नौगीर, धारूशाहपुर, थरिया, देऊम पूरब, सरूआ समेत दर्जनों गांवों में राशन का वितरण नहीं हुआ। इसके अलावा लालगंज ब्लॉक में भी कई ग्राम पंचायतों में राशन का वितरण नहीं हो सका। विपणन निरीक्षक नितिन सिंह परिहार ने बताया कि विकास खंड की लगभग आधी दुकानों पर राशन पहुंचा दिया गया है। वितरण सोमवार से किया जाएगा।
रानीगंज के गौरा पूरे बदल में कोटे की दुकान पर राशन लेने पहुंचे लोग। संवाद- फोटो : PRATAPGARH
रानीगंज के भंवरी पडरिया में बंद सरकारी गल्ले की दुकान। संवाद- फोटो : PRATAPGARH