करंट लगने से हुई मजदूर की मौत के मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के साहूमई बिछलहला गांव निवासी 45 वर्षीय बंशीलाल कुंडा कोतवाली क्षेत्र के मवई स्थित आईएमएच हाॅस्पिटल में काम करता था। शनिवार को वह हाॅस्पिटल में काम करने के दौरान जमीन पर गिरे खुले तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह झुलसकर गिर पड़ा। थोड़ी देर बाद जब जानकारी नर्सिंग होम संचालक व कर्मियों को हुई तो वह उसे इलाज के लिए ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। शव को लेकर परिजनों ने हाईवे जाम करने की कोशिश तक की।
मौके पर पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष पति कुलदीप पटेल, सीओ अमरनाथ गुप्ता, इंस्पेक्टर कुंडा अवन दीक्षित व इंस्पेक्टर मानिकपुर दीप नारायण ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। घंटों समझाने के बाद आक्रोशित लोगों का गुस्सा शांत हो सका था।
वहीं देर रात मृतक के बेटे पंकज की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के संचालक राशिद हुसैन, आशिफ हुुसैन, साहिद हुसैन व वाहिद हुसैन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मृतक के बेटे पंकज ने अस्पताल संचालक पर मारपीट करने और मामले को छिपाने का आरोप लगाया है।