भूमि विवाद में व्यापारी की पीट-पीटकर हुई हत्या के मामले में नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। तनाव को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस व पीएसी को तैनात किया गया है। उधर, दूसरे दिन रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। देर शाम परिजनों ने गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया।
उदयपुर थाना क्षेत्र के राहाटीकर निवासी रावेंद्र सिंह व उग्रसेन सिंह के बीच जमीन को लेकर विवाद है। शनिवार की शाम रावेंद्र सिंह के परिजन खेत में बाड़ लगा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर उग्रसेन के पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर रावेंद्र के परिजनों में हमला बोल दिया।
उग्रसेन पक्ष के लोगों के हमले के दौरान जान बचाने के लिए भाग रहे रावेंद्र के परिवार के व्यापारी अजय सिंह घर के समीप गिर गए। आरोप है कि हमलावरों ने अजय सिंह को लाठी-डंडे व बल्लम से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मारपीट में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद गांव में तनाव पनप उठा। इसे देखते हुए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी को तैनात कर दिया गया।
मामले में देर रात मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिंह की तहरीर पर त्रिभुवन सिंह उर्फ बब्बू, हरिवंश सिंह उर्फ मुन्ना, वीरेंद्र सिंह उर्फ सूबेदार, उग्रसेन सिंह, हरिकरन सिंह, दिनेश सिंह उर्फ पप्पू, आदर्श सिंह, अनुराग सिंह, अनुज सिंह के खिलाफ हत्या, बलवा, हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उधर, रात अधिक होने के कारण व्यापारी के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। देर शाम तक गांव के बाग में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घटना के बाद तनाव को देखते हुए दूसरे दिन भी पुलिस व पीएसी की तैनात बरकरार रखी गई। अफसर भी गांव के हालात पर नजर बनाए हुए थे। अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने बताया कि गांव में माहौल शांतिपूर्ण है। मुकदमा दर्ज कर कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
उदयपुर के राहाटीकर में व्यापारी का शव पहुंचने पर जुटी भीड़। संवाद- फोटो : PRATAPGARH