बहन की सगाई के बाद उठी भाई की अर्थी
- रानीगंज के बीजेमऊ में बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की हुई थी मौत
- शव पहुंचते ही बीजेमऊ और रामपुर अधारगंज में मचा कोहराम
प्रतापगढ़। रानीगंज के बीजेमऊ में बुधवार की देर रात बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत से घर में कोहराम मचा रहा। बहन की सगाई के बाद भाई की अर्थी उठने से खुशी वाले घर में मातम का माहौल रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही उनके घरों में परिजनों की चित्कार से हर किसी की आंखें नम हो गईं।
रानीगंज संवाददाता के अनुसार बीजेमऊ निवासी दीपक गौतम (23) राजगीर का काम करता था। उसकी बहन की मंगलवार को सगाई हुई थी। जिसमें रिश्तेदार एकत्र हुए थे। बुधवार की रात दीपक अपने बहनोई अनिल के साथ रानीगंज बाजार जा रहा था। रास्ते में ही उसकी सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में उसकी और दूसरे बाइक सवार रामपुर अधारगंज निवासी दीपक सरोज की मौत हो गई। अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। बृहस्पतिवार को शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मां के बाद अब भाई की मौत से पिता राजेंद्र को बहन व भाई संभालते रहे। बीरापुर संवाददाता के मुताबिक दिलीपपुर थाना क्षेत्र के रामपुर आधारगंज निवासी दीपक सरोज (38) का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक दीपक सरोज दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई अशोक सरोज और दो बहन कुसुम और नीलम हैं। माता शांति देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक नासिक में प्राइवेट कंपनी में काम रता था। पत्नी सरिता भी बेहाल थी।