जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज तिवारी का आमरण अनशन गुरुवार को रंग लाया। अनशन स्थल पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी पुनीत शुक्ल और एक्सईएन एनएच ने फटकार लगाते हुए ठेकेदार को काम शुरू करने का निर्देश दिया। काम न करने पर एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी। इसका असर हुआ कि दोपहर के बाद चिलबिला फ्लाईओवर एप्रोच मार्ग और सड़क का काम शुरू हो गया। नीरज तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि उनका अनशन पुल और सड़क के काम में तेजी लाने तक चलता रहेगा।
धरनास्थल पर पहुंचे यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बाबा तिवारी ने कहा कि जनहित के इन मुद्दों पर प्रशासन अगर कोई ठोस फैसला नहीं लेता है तो 4 अप्रैल को पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने नीरज त्रिपाठी का चेकअप किया। परशुराम सेना, वित्तविहीन शिक्षक संघ, जायसवाल समाज, जूबाए पुरातन, उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ, आम आदमी पार्टी ने अनशन को अपना समर्थन दिया है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव पं.श्याम किशोर शुक्ल, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कपिल द्विवेदी, विनीत, अवनीश, बलवंत, सरोज कश्यप, सूरज त्रिपाठी, सुरेश अग्रवाल, ओमनारायण आदि रहे।