बढ़ते डेंगू के प्रकोप और संभावित कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग अभियान चलाकर बुखार और दमा रोगियों को चिह्नित करेगा। विभाग उक्त मरीजों को अस्पताल में भर्ती करवा कर उनका इलाज भी कराएगा। यह अभियान सात से 16 सितंबर के बीच तक चलेगा।
कोरोना की तीसरी लहर और बढ़ते डेंगू के प्रकोप को देखते हुए शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग सात से 16 सितंबर के बीच दस्तक अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की थर्मल स्क्रीनिंग कर बुखार का पता लगाएगी। कैंसर व टीबी जैसे संक्रमण से ग्रस्त मरीजों की भी सूची बनाई जाएगी, ताकि स्वास्थ्य विभाग को जिले की नब्ज मिल सके। विभाग पल्स पोलियो की तर्ज पर इसे चलाएगा।
बीमारी और आयु वर्ग की अलग-अलग तैयार होगी सूची
सर्वे में देखा जाएगा कि किस आयु वर्ग में इम्युनिटी कम मिली। किसको कौन सी बीमारी हुई है। शून्य से दो साल तक के बच्चों, 30 साल तक के युवाओं, 45 साल से अधिक के अधेड़ व बुजुर्गों की अलग-अलग सूची बनाकर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को भेजी जाएगी।
शासन से आए आदेश पर यह कार्य किया जाएगा। इससे कोरोना की तीसरी लहर आने के पहले यह पता चल जाएगा कि कितने लोगों में प्रतिरोधक क्षमता कम है। इससे उन्हें बचाया जा सकेगा।
-
डॉक्टर एसके सिंह, डिप्टी सीएमओ।