कंधई थाना क्षेत्र के चकमझानीपुर में जलजीवन मिशन की बोरिंग करने जाते वक्त हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
रखहा। कंधई थाना क्षेत्र के चकमझानीपुर में शनिवार दोपहर जल जीवन मिशन योजना के तहत बोरिंग करने जाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बोरिंग मशीन चालक की मौत हो गई। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। जनपद शाहजहांपुर के पेहना थाना क्षेत्र के मदनापुर निवासी राजन बोरिंग मशीन का चालक था। जल जीवन मिशन योजना के तहत बोरिंग करने के लिए शनिवार को वह कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों के साथ चक मझानीपुर पहुंचा।
ईंट भट्ठे के करीब नहर से गुजरते समय मशीन के आगे का हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने ही बोरिंग वाहन का चालक राजन गंभीर रूप से झुलस गया। आगे बाइक से जा रहे कर्मचारियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
लोगों की सूचना पर बिजली आपूर्ति बंद हो गई। गंभीर रूप से झुलसे राजन को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन रोते बिलखते देर शाम अस्पताल पहुंचे।
बाल-बाल बचे भाई समेत दूसरे सहयोगी
घटना के समय बोरिंग वाहन पर चार लोग सवार थे। मृतक के भाई राजीव सिंह का कहना है कि वह पट्टी से मझानीपुर बोरिंग करने आ रहे थे। वाहन पर परशुराम, छोटू और वह बैठा था। वाहन के करंट की के चपेट से राजन जमीन पर उतर गया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। जबकि वे लोग पहले ही अनहोनी की आशंका को देखते हुए वाहन से कूद पड़े। बोरिंग मशीन रायबरेली जनपद के ऊंचाहार की है।