क्षेत्र के तिवारीपुर खुर्द में युवक का शव शनिवार की शाम करीब चार बजे फंदे से लटका मिला। भाइयों ने बताया कि युवक दोपहर तीन बजे कमरे में सोने गया था। एक घंटे तक युवक नहीं उठा तो घरवालों को अनहोनी की आशंका हुई। पुलिस की मदद से दरवाजा खुलवाया गया तो युवक का शव पंखे के चुल्ले के सहारे फंदे से लटका था।
तिवारीपुर खुर्द निवासी आशुतोष पांडेय उर्फ भारत (30) शनिवार दोपहर करीब तीन बजे कमरे में सोने गया। अंदर से कमरे में कुंडी लगा ली। करीब एक घंटे तक युवक के बाहर न आने पर परिजन परेशान हो गए। घरवालों ने कमरा खुलवाने की कोशिश की। अंदर से कोई आवाज न आने पर वह परेशान हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजे को खोला। कमरे में पंखे के चुल्ले में साड़ी के फंदे पर लटके युवक को देख परिजन रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के तीन भाई अश्विनी पांडेय, अभिषेक पांडेय, अवनीश पांडेय हैं। बेटे की मौत से मां विद्या पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता चल सकेगा।