चौक क्षेत्र में महाराष्ट्र के सीएम उधव ठाकरे का प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाले भाजपा के कार्यकर्त
- फोटो : PRATAPGARH
-अभिनेत्री कंगना रणौत को परेशान करने का आरोप लगाकर की नारेबाजी, भाजपा कार्यालय पर फूंका पुतला
प्रतापगढ़। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को जिला मंत्री यशोदा श्रीवास्तव के नेतृत्व में मुंबई में फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत को परेशान और अपमानित करने का आरोप लगाते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। विरोध में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने शहर में भ्रमण किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय के गेट पर उद्धव ठाकरे का पुतला फूंका।
इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त किया। यशोदा ने कहा कि वह स्व. बाला साहेब ठाकरे का सम्मान करती हैं, लेकिन उनके सुपुत्र महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा सत्य के लिए आवाज उठाने वाली राष्ट्रवादी कंगना रणौत के विरुद्ध जिस प्रकार से दमनकारी नीति अपनाई गई व शिवसेना के नेताओं द्वारा महिला के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, वह समस्त नारी शक्ति का अपमान है।
नगर अध्यक्ष तुषार खंडेलवाल ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच में धीरे-धीरे ड्रग्स के कनेक्शन में लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। इससे सरकार और शिवसेना की बौखलाहट बढ़ती जा रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि इस मामले में बॉलीवुड और राजनीति के कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। जिन्हें बचाने के लिए सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। बाला साहेब ठाकरे के जाने के बाद शिवसेना के द्वारा उनके विचारों की भी तिलांजलि दे दी गई है। इस मौके पर जिला मंत्री रामाश्रय पाल, नगर महामंत्री धर्मेंद्र चौरसिया, नगर उपाध्यक्ष मनीष सिंह, हिमांशु सिंह, लालबहादुर यादव, अनिल श्रीवास्तव, नगर मंत्री जगमीत आदि मौजूद रहे।