खड़े ट्रक में पीछे से बाइक घुस गई। जिससे पेट्रोलपंपकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पट्टी कोतवाली के सपहाछात निवासी प्रदीप कुमार यादव (24) पुत्र सूर्यनाथ यादव नारंगपुर में पेट्रोल पंप पर काम करता था। सोमवार की शाम वह बाइक लेकर पेट्रोल पंप पर जा रहा था। उसके साथ बाइक पर शिवम (22) पुत्र लालमणि निवासी अंडुही जैदपुर जनपद अंबेडकरनगर भी बैठा था।
श्रीनाथपुर के करीब रोड के किनारे खड़े ट्रक में प्रदीप बाइक लेकर घुस गया। जिससे घटनास्थल पर ही प्रदीप की मौत हो गई और शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया।
जहां डाक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। शिवम की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर प्रदीप के परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। होली की तैयारी में जुटे प्रदीप के परिजनों की खुशी गम में तब्दील हो गई।