ब्रेकर पर बाइक उछलने के कारण गिरने से पोस्टमैन की पत्नी आशा देवी (45) की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मच गया। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के ढाढर निवासी करूणा शंकर दुबे डाक विभाग में पोस्टमैन है। शनिवार को वह अपनी पत्नी आशा देवी के साथ शनिदेव दर्शन करने के लिए बाइक से कुसफरा गए थे। दर्शन के पश्चात शाम को घर लौट रहे थे।
पट्टी कस्बा स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के समीप बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछल गई। जिससे बाइक पर पीछे बैठी आशा देवी सड़क पर गिर पड़ी। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक देख डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान आशा की मौत हो गई। देर शाम शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।