भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कुंडा विधानसभा के कालाकांकर में आयोजित जनसभा में कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों को जिताइए, हम यहां का गुंडाराज खत्म करेंगे। कौशाम्बी से विनोद सोनकर और प्रतापगढ़ से संगमलाल गुप्ता को यहां की जनता ने केंद्र में भेजा तो जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हट गया। राममंदिर का रास्ता भी इसी उंगली की ताकत ने ही साफ किया। समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में गोली चलवाई। कांग्रेस ने रामजन्मभूमि का काम लटकाया, अटकाया और भटकाया। अब वह खुद लटक गई है।
भाजपा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासन, सड़क, गुड़ागर्दी, आतंकवाद पर पूर्व की सपा सरकार को घेरते हुए योगी सरकार के काम गिनवाए। कालाकांकर के मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज में आयोजित जनसभा में उन्होंने अपना भाषण शुरू करते हुए धर्म सम्राट करपात्री महाराज, बुद्ध की तपोस्थली व राम वनगमन मार्ग को नमन किया। भाजपा से कुंडा की प्रत्याशी सिंधुजा मिश्रा सेनानी व बाबागंज के प्रत्याशी केशव पासी के समर्थन में आए जेपी नड्डा ने कहा कि लोग मोदी-योगी के आने से पहले सिर्फ विकास की चर्चा करते थे।
अब भाजपा के लोग अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच में जाते हैं। किसी पार्टी ने अपना परिवार बढ़ाया, किसी ने घर तो किसी ने रिश्तेदारों का विकास किया। केंद्र से लेकर राज्य तक हमने लोगों को सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाएं मुहैया कराईं। तीन तलाक पर चर्चा कर मुस्लिम महिलाओं को भी साधने का प्रयास किया।
कोरोना काल में भेजे गए पैसे और जनधन खाते से होने वाले फायदे भी गिनाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद रत्ना सिंह तथा संचालन पवन कुमार गौतम ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष हरिओम मिश्र, भाजपा की कुंडा प्रत्याशी सिंधुजा मिश्र सेनानी, बाबागंज के केशव प्रसाद पासी, जय सिंह सिसोदिया, त्रिभुवन नाथ मिश्र टंडन, सतीश चौरसिया, भूपेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
मुस्लिम महिलाओं को साधने का किया प्रयास
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 13वीं शताब्दी के कानून तीन तलाक को खत्म कर दिया गया। यह पाकिस्तान, ईरान, ईराक जैसे मुस्लिम देशों में नहीं था, लेकिन इसे खत्म करने का माद्दा किसी में नहीं था। जनधन खाते का मजाक उड़ाने वाले लोगों को कोरोना में पता चला कि इसके क्या लाभ हैं। प्रधानमंत्री ने बीस करोड़ महिलाओं के खाते में पांच-पांच सौ रुपये भेजे। चावल, गेहूं, चना, नमक तेल मिल रहा है। मोदी जी का अलग, योगी जी का अलग। यह ताकत है डबल इंजन की सरकार की।
अखिलेश विकास की जगह, विनाश लाएंगे
जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश से माफियाराज खत्म करने के लिए मेरठ, रामपुर, आजमगढ़, बहराइच, कानपुर में एटीएस की स्थापना होगी। इससे आतंकियों का जड़ से सफाया हो जाएगा। अखिलेश विकास की जगह विनाश लाएंगे। उनके राज में सुप्रीम कोर्ट को कहना पड़ा कि प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है।
दंगों में सैकड़ों लोग मारे गए। हजारों ने पलायन किया। उन्होंने मुख्यतार अंसारी, अतीक अहमद, आजम खान की चर्चा करते हुए कहा कि जुर्म वही था लेकिन, अखिलेश सरकार में यह बाहर थे और योगी सरकार में जेल के अंदर। अखिलेश ने संविधान की रक्षा करने की शपथ ली थी या फिर आतंकवादियों की रक्षा करने की।