प्रतापगढ़। शहर के भगवाचुंगी से नयामाल गोदाम मार्ग पर सड़क की खस्ताहाल दशा को देखकर स्थानीय लोगों ने व्यक्तिगत प्रयास से बनवाने का संकल्प लिया है। भगवा गांव के पूर्व प्रधान मकबूल हसन ने बुधवार को सड़क पर उतर भीख मांगा और कहा कि रुपये एकत्रित करके सड़क का निर्माण कराया जाएगा। भगवाचुंगी चौराहे से नयामाल गोदाम को जाने वाली सड़क सालभर से खराब है। बरसात के दिनों में दो-दो फीट गड्ढे में पानी भरा था, तो इन दिनों उड़ती धूल ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। ग्रामीणों की पहल पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को भेजकर सड़क अविलंब बनवाने को कहा था।
मगर यह दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि साल का समय बीतने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। पूर्व प्रधान मकबूल हसन ने बुधवार को कटोरा लेकर दुकानदारों से भीख मांगा और कहा कि अब व्यक्तिगत प्रयास से सड़क को ठीक कराया जाएगा। हालांकि में बुधवार को पूर्व प्रधान के कटोरे में सिर्फ 170 रुपये ही मिले। फिलहाल सड़क की दशा खराब होने से आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।