बाबागंज के पुरमई सुल्तानपुर समेत 20 गांवों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। प्राथमिक इलाज के लिए अब उन्हें 15 किमी दूर महेशगंज या 25 किमी दूर कुंडा सीएचसी नहीं जाना पड़ेगा। गांव में ही एएनएम (ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफ) सेंटर और आरोग्य मंदिर के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। शासन ने निर्माण के लिए 41.19 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया है।
पुरमई सुल्तानपुर में एएनएम सेंटर बनने से आजाद नगर, रुमतीपुर, बदगवा, राय असकरनपुर, पनाहनगर, कोटा भवानीगंज, कोंडरी, पूरे जोरा, गोसाईपुर, कुटुलिया समेत 20 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा। यहां 24 घंटे एक एएनएम मौजूद रहेंगी, वहीं सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक सीएचओ की तैनाती रहेगी।
महेशगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि समाजसेवी प्रभाकर सिंह की मांग पर शासन ने एएनएम सेंटर और आरोग्य मंदिर निर्माण की अनुमति दी है। भवन निर्माण और उपकरणों के लिए 41.19 लाख का बजट स्वीकृत हुआ है। जनवरी से निर्माण शुरू होगा। संवाद
एएनएम सेंटर पर प्राथमिक जांच, दवा, टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं व बच्चों की देखभाल होगी। बुखार, चोट जैसी स्थिति में तुरंत उपचार मिलेगा।