लालगंज के धधुआ गाजन पुल के समीप सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद जाम लगाये ग्रामीण। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
दुर्घटना में एक महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शनिवार सुबह नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे करीब पौन घंटे तक वाराणसी-लखनऊ नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर कोतवाल मौके पर पहुंचे और जाम खत्म कराया।
लालगंज कोतवाली के पतुलकी निवासी शिव दर्शन यादव की पत्नी शकुंतला (42) की शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात परिजन उसके मायके स्थानीय कोतवाली के धधुआगाजन शव ले आए।
पुलिस ने मृतका के भाई अजय कुमार यादव की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया। शनिवार सुबह परिजन पुलिस से आरोपी को नामजद करने की जिद करने लगे। आक्रोशित लोगों ने धधुआगाजन के समीप हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
ट्रक की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लालगंज कोतवाली के बलीपुर निवासी अमित कुमार सरोज शुक्रवार को बाइक से साथी के साथ अमांवा जा रहा था। सांगीपुर रोड पर गोसांई का पुरवा के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे अमित गंभीर रूप से घायल हो गया था।
उसे लालगंज सीएचसी लाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन उसे शहर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। शुक्रवार रात उसने दम तोड़ दिया। हादसे को लेकर मृतक के चाचा शिवकुमार सरोज ने ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। संवाद
फ़ाइल फोटो मृतक अमित सरोज- फोटो : PRATAPGARH