जिला अस्पताल में मांगो को लेकर प्रदर्शन करते 108 एम्बुलेंस चालक।
- फोटो : PRATAPGARH
16 जनवरी को यदि जरूरत पड़ी तो आप के घर एंबुलेंस नहीं पहुंचेगी। घर से लेकर मरीजों को छोड़ने के लिए अस्पताल नहीं जाएगी। तीन माह से रुके मानदेय की मांग को लेकर 15 जनवरी की आधी रात से चालक और ईएमटी एंबुलेंस खड़ी कर हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके पूर्व वे काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे।
मरीजों के लिए जीवनदायनी 108 और 102 एंबुलेंस चालकों को बीते तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। इससे चालक और ईएमटी को परिवार का गुजर बसर करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सभी बराबर मानदेय की मांग करते चले आ रहे हैं। मगर अफसर उनकी मांग की ओर ध्यान नहीं देते। रविवार को जिला अस्पताल परिसर में जीवनदायनी संगठन का गठन हुआ।
इस दौरान सर्वसम्मति से मधुकर सिंह को अध्यक्ष तो अतुल सिंह को कोषाध्यक्ष और पूजा को संगठन मंत्री चुना गया। सभी सोमवार की सुबह तीन माह से रुके मानदेय को दिलाए जाने की मांग को लेकर डीएम से मिलने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इस पर 108 एंबुुुलेंस के चालक और ईएमटी सीएमओ से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
तीन माह से रुके मानदेय को दिलाने की मांग की। जिलाध्यक्ष मधुकर सिंह ने सीएमओ और एसपी को दिए ज्ञापन पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि यदि 15 जनवरी तक तीन माह का रुका मानदेय नहीं मिलता है तो वे एंबुलेंस को रोक देंगे। इसके पहले वे काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
16 जनवरी को सभी एंबुलेंस को लोकेशन पर रोक दिया जाएगा। इस मौके पर शमशेर सिंह, विकास सिंह, सूरज यादव, सुरेंद्र कुमार, कमलेश, पुनीत वर्मा, आशीष उपाध्याय, कौशल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।